भोपाल/मुरैना- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की दिमनी विधानसभा क्षेत्र में फायरिंग के बाद दो लोगों के घायल होने की सूचना है। फायरिंग के बाद वोट डालने आए लोगों में भगदड़ मच गई। प्रशासन ने यहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।
पिछले चुनाव में भी मुरैना जिले में फायरिंग की वारदात हो चुकी है। मध्यप्रदेश की दिमनी विधानसभा सीट सबसे हॉट सीट बन गई है, क्योंकि यहां से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भाजपा के उम्मीदवार हैं। जबकि कांग्रेस ने इस सीट पर मौजूदा विधायक रविंद्र सिंह तोमर पर ही दोबारा भरोसा जताया है। इस बार चुनाव में दोनों प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी।
नरेंद्र सिंह तोमर के इस सीट पर उम्मीदवार बनने के बाद से ही प्रदेशभर की नजरें इस सीट पर आ टिकी हैं। ऐसे में इस बार यहां मुकाबला रोचक होगा। वहीं, कांग्रेस ने यहां से मौजूदा विधायक रविंद्र सिंह तोमर को दोबारा प्रत्याशी बनाया है। दिमनी विधानसभा क्षेत्र में तोमरों का खासा प्रभाव है। यही कारण है कि भाजपा और कांग्रेस की ओर से उतारे गए दोनों प्रत्याशी तोमर समाज से आते हैं। ऐसे में इस सीट पर कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।
दिमनी विदानसभा सीट पर 2020 में हुए उपचुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी रविंद्र सिंह तोमर ने भाजपा प्रत्याशी गिर्राज सिंह दंडोतिया को हराया था। इस क्षेत्र में ब्राह्मण और क्षत्रिय मतदाताओं की निर्णायक भूमिका है। इसके अलावा एससी वर्ग के मतदाता भी यहां हार जीत तय करते हैं।
नरेंद्र सिंह तोमर करीब 20 साल बाद विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। नरेंद्र सिंह तोमर ने अपना पहला चुनाव ग्वालियर विधानसभा सीट से 1998 में लड़ा था, जिसमें उन्हें जीत मिली थी। नरेंद्र सिंह तोमर पहला लोकसभा चुनाव भी ग्वालियर से ही जीते थे। इसके बाद वो केंद्र सरकार में मंत्री बने। 2019 में उन्होंने मुरैना से लोकसभा चुनाव लड़ा और जीतकर एक बार फिर से संसद पहुंचे। इसके अलावा नरेंद्र सिंह तोमर मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष भी रहे हैं। कुल मिलाकर नरेंद्र सिंह तोमर भाजपा के कद्दावर नेता हैं।