जन विश्वास शिविर से पहले गांवों में उतरे सीईओ, निर्माण कार्यों की जांच और समस्याओं के निराकरण पर जोर,पंचायतों का दौरा कर विकास कार्यों की परखी प्रगति, ग्रामीणों से किया संवाद; 30 अक्टूबर को ढीमरखेड़ा में लगेगा जन विश्वास अभियान शिविर
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जन विश्वास शिविर से पहले गांवों में उतरे सीईओ, निर्माण कार्यों की जांच और समस्याओं के निराकरण पर जोर,पंचायतों का दौरा कर विकास कार्यों की परखी प्रगति, ग्रामीणों से किया संवाद; 30 अक्टूबर को ढीमरखेड़ा में लगेगा जन विश्वास अभियान शिविर
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – जन विश्वास अभियान शिविर के आयोजन से पहले प्रशासन ने गांवों में सक्रियता बढ़ा दी है। जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कृष्णकांत पांडे ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
शुक्रवार, 30 अक्टूबर को आयोजित होने वाले जन विश्वास अभियान शिविर की तैयारियों के मद्देनजर सीईओ श्री पांडे ने ग्राम पंचायत भटगवां में नेट शेड निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इसके अलावा ग्राम पंचायत बम्हनी के अंतर्गत तालाब निर्माण कार्य तथा बम्हनी पंचायत के ग्राम करौंदी और बनेहरा में संचालित तालाब निर्माण कार्यों की स्थिति भी देखी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।
ग्रामीणों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
दौरे के दौरान सीईओ श्री पांडे ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को सुना। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कर ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानी से राहत दिलाई जाए।
जिला पंचायत सीईओ की निगरानी में शिकायतों का निराकरण
जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर द्वारा जनपद स्तरीय अधिकारियों को आमजन की समस्याओं और शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहने तथा उनका प्रभावी निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों के पालन में संबंधित अधिकारियों द्वारा शिकायतों के निराकरण की कार्रवाई की जा रही है। जिला पंचायत सीईओ इस पूरी प्रक्रिया की सतत निगरानी भी कर रही हैं।
शिविर में योजनाओं का लाभ दिलाने पर रहेगा जोर
जन विश्वास अभियान शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सीईओ श्री पांडे ने अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर में पहुंचने वाले नागरिकों की समस्याओं का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निराकरण किया जाए।
शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का प्रभावी समाधान करने के साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। अभियान के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर नागरिकों को समस्याओं के समाधान के लिए सुलभ व्यवस्था उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।



