आस्था का सैलाब! जयकारों और खप्पर नृत्य के बीच निकले जवारा जुलूस, भक्तिमय हुआ उमरियापान,नवमी पर बड़ी माई मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भाव खेलते पंडे और बाना लिए पंडे बने आकर्षण का केंद्र,थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल पुलिस बल के साथ रहे मुस्तैद
कलयुग की कलम से राकेश यादव

आस्था का सैलाब! जयकारों और खप्पर नृत्य के बीच निकले जवारा जुलूस, भक्तिमय हुआ उमरियापान,नवमी पर बड़ी माई मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भाव खेलते पंडे और बाना लिए पंडे बने आकर्षण का केंद्र,थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल पुलिस बल के साथ रहे मुस्तैद,
कलयुग की कलम उमरिया पान – शारदेय नवरात्रि की नवमी पर उमरियापान नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। माता रानी की आराधना के साथ नगर में निकले जवारा जुलूसों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। माता के जयकारों और ढोल-नगाड़ों के बीच श्रद्धालु जवारे लेकर बड़ी माई मंदिर पहुंचे, जहां विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद जवारों का विसर्जन किया गया।


खप्पर नृत्य और बाना लिए पंडे बने आकर्षण का केंद्र
उमरियापान बस्ती के अंदर स्थित बड़ी माई मंदिर सहित विभिन्न मढ़ियों से जवारे कतारबद्ध तरीके से निकाले गए। जुलूस में भाव खेलते पंडे, खप्पर नृत्य करते श्रद्धालु और बाना लिए हुए पंडे आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। माता की सवारी में भाव खेलते पंडों के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। नगर की गलियों और मुख्य मार्गों से गुजरते जवारा जुलूसों में माता रानी के जयकारे गूंजते रहे। सभी जवारे बड़ी माई मंदिर पहुंचे, जहां पूजन-अर्चन के पश्चात विसर्जन किया गया।
जवारा जुलूस के दौरान उमरियापान नगर के मुख्य मार्ग पर समाजसेवियों ने जगह-जगह स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं को खीर, पूरी, कढ़ी-चावल, हलवा, रसगुल्ला सहित विभिन्न व्यंजन प्रसाद के रूप में वितरित किए। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सेवा और सहयोग की भावना के साथ लोगों ने जवारा जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रही पुलिस
जवारा जुलूस के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी उमरिया पान थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल अपने समस्त पुलिस स्टाफ के साथ तैनात रहे। पुलिस बल ने जुलूस के दौरान व्यवस्था संभाली और आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में भूमिका निभाई। शारदेय नवरात्रि की नवमी पर उमरियापान सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा।



