प्रशासनमध्यप्रदेश

विजयादशमी पर पुलिस लाइन में गूंजे वैदिक मंत्र, राज्यमंत्री लखन पटेल ने किया शस्त्र पूजन,विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, कलेक्टर आशीष तिवारी और एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने भी की शस्त्र आराधना, शक्ति के सदुपयोग और जनसुरक्षा का लिया संकल्प

कलयुग की कलम से राकेश यादव

विजयादशमी पर पुलिस लाइन में गूंजे वैदिक मंत्र, राज्यमंत्री लखन पटेल ने किया शस्त्र पूजन,विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, कलेक्टर आशीष तिवारी और एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने भी की शस्त्र आराधना, शक्ति के सदुपयोग और जनसुरक्षा का लिया संकल्प

कलयुग की कलम कटनी – बुराई पर अच्छाई, अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व पर मंगलवार, 20 अक्टूबर को झिंझरी स्थित पुलिस लाइन में विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन किया गया। प्रदेश के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार (आनंद विभाग) लखन पटेल ने वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और पारंपरिक अनुष्ठानों के बीच शस्त्रों की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने भी शस्त्र पूजन कर कर्तव्यनिष्ठा, जनसुरक्षा और न्याय की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

शक्ति, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है शस्त्र पूजन

भारतीय संस्कृति में विजयादशमी पर शस्त्र पूजन की परंपरा का विशेष महत्व है। यह परंपरा शक्ति, साहस और पराक्रम के साथ-साथ उसके विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश देती है। शस्त्रों की आराधना का उद्देश्य अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, निर्बलों की रक्षा करने और समाज में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के संकल्प को मजबूत करना है।

भगवान श्रीराम की रावण पर विजय की स्मृति से जुड़ा दशहरा पर्व संदेश देता है कि सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने वालों की अंततः विजय होती है। इसी भावना के साथ शस्त्र पूजन को आस्था, मर्यादा और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़कर देखा जाता है।

राज्यमंत्री लखन पटेल ने दीं विजयादशमी की शुभकामनाएं

शस्त्र पूजन के अवसर पर राज्यमंत्री लखन पटेल ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शस्त्र पूजन की सनातन परंपरा को भारतीय संस्कृति, शौर्य और कर्तव्यबोध का प्रतीक बताया। विजयादशमी का पर्व हमें बुराइयों का त्याग कर सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

जनता की सुरक्षा के संकल्प के साथ पुलिस ने की शस्त्र आराधना

पुलिस बल के लिए शस्त्र पूजन केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का अवसर भी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखना, नागरिकों की सुरक्षा करना और विपरीत परिस्थितियों में कर्तव्य का पालन करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारियां हैं। विजयादशमी के अवसर पर पुलिस लाइन के शस्त्रागार सहित जिले के विभिन्न थानों में भी विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया गया।

कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम जितेंद्र पटेल, रामरतन पायल, पीतांबर टोपनानी, तहसीलदार अजीत तिवारी सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button