NITI TARA से अब योजनाओं की रियल-टाइम निगरानी, डेटा विश्लेषण और प्रशासनिक दक्षता को मिलेगी नई रफ्तार,जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर बोलीं—मैदानी अमले के लिए बेहद उपयोगी डिजिटल डिवाइस, प्रशिक्षण में बेहिचक सवाल पूछें और हर शंका का समाधान पाएं
कलयुग की कलम से राकेश यादव

NITI TARA से अब योजनाओं की रियल-टाइम निगरानी, डेटा विश्लेषण और प्रशासनिक दक्षता को मिलेगी नई रफ्तार,जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर बोलीं—मैदानी अमले के लिए बेहद उपयोगी डिजिटल डिवाइस, प्रशिक्षण में बेहिचक सवाल पूछें और हर शंका का समाधान पाएं
कलयुग की कलम कटनी – सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, मैदानी स्तर पर निगरानी और उपलब्ध आंकड़ों के बेहतर विश्लेषण की दिशा में NITI TARA (नीति तारा) डिजिटल टूलकिट को महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इसी उद्देश्य से जिला पंचायत के सभाकक्ष में आकांक्षी जिले एवं विकासखंड रीठी के अधिकारियों के लिए NITI TARA प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को डिवाइस की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और विभिन्न विभागों में इसके संभावित इस्तेमाल की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र में जिला पंचायत सीईओ एवं कार्यक्रम की प्रमुख अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने कहा कि मैदानी स्तर पर योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करने के लिए आधुनिक तकनीक और सटीक डेटा का उपयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रशिक्षण को केवल औपचारिकता न समझें, बल्कि अपनी वास्तविक मैदानी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पूरी गंभीरता से समझें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रशिक्षण के दौरान मन में आने वाले प्रश्नों को खुलकर पूछें। किसी भी तकनीकी अथवा व्यवहारिक समस्या को लेकर संकोच न करें, बल्कि उसका समाधान प्रशिक्षण के दौरान ही प्राप्त करें, ताकि भविष्य में NITI TARA का प्रभावी उपयोग किया जा सके।
रियल-टाइम मॉनिटरिंग से बढ़ेगी प्रशासनिक पारदर्शिता
जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि NITI TARA (नीति तारा) नीति आयोग द्वारा विकसित डिजिटल टूलकिट एवं विशेष पोर्टेबल डिवाइस है। इसका उपयोग विकास योजनाओं की निगरानी, आंकड़ों के विश्लेषण तथा प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने में किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वास्तविक समय में प्राप्त जानकारी के आधार पर योजनाओं की प्रगति को समझना और आवश्यकतानुसार कार्रवाई करना अधिक आसान होगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभाग की मैदानी आवश्यकताओं के अनुरूप इस तकनीक को समझें और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में इसका उपयोग सुनिश्चित करें।
EdCIL के विशेषज्ञों ने दिया तकनीकी प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान EdCIL इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों को NITI TARA डिवाइस की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के संबंध में जानकारी दी। प्रेजेंटेशन के माध्यम से डिवाइस की विभिन्न विशेषताओं, डेटा के उपयोग तथा प्रशासनिक निगरानी में इसकी भूमिका को समझाया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी सहित स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, पशुपालन, किसान कल्याण एवं कृषि विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, योजना एवं सांख्यिकी, जिला शिक्षा केंद्र तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
NITI TARA की प्रमुख उपयोगिताएं
रियल-टाइम मॉनिटरिंग: विभिन्न विकास संकेतकों एवं योजनाओं से संबंधित जानकारी की वास्तविक समय में निगरानी और विश्लेषण में सहायता।
डेटा विश्लेषण: उपलब्ध आंकड़ों को समझने और योजनाओं की प्रगति का आकलन करने में उपयोगी।
प्रशासनिक दक्षता: आकांक्षी जिलों एवं विकासखंडों में प्रशासनिक कार्यों की निगरानी और समन्वय को बेहतर बनाने में सहायक।
डिजिटल टूलकिट: मैदानी कार्यों, प्रशासनिक गतिविधियों और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी सुविधाओं को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में उपयोगी।
पारदर्शी क्रियान्वयन: योजनाओं की प्रगति और उपलब्ध आंकड़ों की बेहतर निगरानी के माध्यम से जवाबदेही एवं पारदर्शिता को बढ़ावा देने में सहायक।



