जन-विश्वास अभियान में अफसर उतरेंगे मैदान में, लापरवाही पर होगी सीधी कार्रवाई,कलेक्टर तिवारी के सख्त निर्देश—गलत गिरदावरी करने वाले पटवारी नपेंगे, 14 अगस्त के शिविर से पहले शिकायतों का करें निराकरण
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जन-विश्वास अभियान में अफसर उतरेंगे मैदान में, लापरवाही पर होगी सीधी कार्रवाई,कलेक्टर तिवारी के सख्त निर्देश—गलत गिरदावरी करने वाले पटवारी नपेंगे, 14 अगस्त के शिविर से पहले शिकायतों का करें निराकरण
कलयुग की कलम कटनी – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अब प्रशासनिक अधिकारियों की फील्ड विजिट और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तहसीलदार और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी निर्धारित रोस्टर के अनुसार ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें। मौके पर पहुंचकर जनता की समस्याओं, योजनाओं के क्रियान्वयन और लंबित प्रकरणों की वास्तविक स्थिति की पड़ताल की जाए।
कलेक्टर ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में विभागीय योजनाओं और विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम से जुड़े मामलों का समय-सीमा में निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान शिविर के पहले ही अधिक से अधिक लंबित प्रकरणों का निराकरण कर लिया जाए। शेष मामलों का समाधान शिविर में मौके पर किया जाए और जिन प्रकरणों में तत्काल कार्रवाई संभव नहीं है, उनमें स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित कर आवेदक को इसकी जानकारी दी जाए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार और अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
14 अगस्त के शिविर से पहले निपटाएं लंबित शिकायतें
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत विकासखंड ढीमरखेड़ा के सिलौंडी क्लस्टर में 14 अगस्त को प्रस्तावित समाधान शिविर को लेकर कलेक्टर ने अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर क्षेत्र से संबंधित विभागीय लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाया जाए। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत कोई भी आवेदन निर्धारित समय-सीमा पार करके लंबित नहीं रहना चाहिए।
गलत गिरदावरी पर पटवारी होंगे जिम्मेदार
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर का रुख सख्त रहा। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों द्वारा बोई गई धान की फसल के रकबे की वास्तविक स्थिति के आधार पर भौतिक सत्यापन करते हुए गिरदावरी की जाए। गिरदावरी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित पटवारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने साफ किया कि केवल वैध कृषि भूमि का ही रिकॉर्ड गिरदावरी में शामिल किया जाए। अवैध कब्जे वाली भूमि को कृषि रकबे के रूप में दर्ज करने की स्थिति में संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी। इसके साथ ही फार्मर आईडी निर्माण, नामांतरण, बंटवारा और अभिलेख दुरुस्ती के लंबित मामलों को भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन की विभागवार पड़ताल
बैठक में सामाजिक न्याय, खनिज, लोक निर्माण विभाग, राजस्व, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य, वन, कृषि, गृह और ऊर्जा सहित विभिन्न विभागों की लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों को औपचारिकता के तौर पर न लेकर समस्या के वास्तविक समाधान के साथ निराकृत किया जाए।
ई-केवाईसी और आधार अपडेट पर जोर
ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जनपद पंचायत रीठी के सीईओ को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले आधार शिविरों में विद्यार्थियों के आधार कार्ड अपडेट कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश शिक्षा विभाग को दिए गए।
लाड़ली लक्ष्मी और मातृ वंदना योजना की भी समीक्षा
महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना में पात्र बालिकाओं के पंजीयन की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के पंजीयन में भी तेजी लाने को कहा गया।
उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक सप्ताह सीडीपीओ के साथ बैठक कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करें और मैदानी स्तर पर आ रही समस्याओं का समाधान कराएं।
स्वास्थ्य सेवाओं पर भी कलेक्टर की नजर
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन तथा मध्यम और गंभीर एनीमिया की स्थिति पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने स्वास्थ्य अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए दस्तक अभियान की प्रगति में सुधार लाने और पात्र हितग्राहियों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने को कहा।
हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भी दिए निर्देश
बैठक में हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त और जिला पंचायत सीईओ को जिला स्तरीय कार्यक्रम को गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा में शासकीय तिलक महाविद्यालय, कन्या महाविद्यालय, एनसीसी और एनएसएस के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में सभी एसडीएम, सिविल सर्जन यशवंत वर्मा, सीएमएचओ डॉ. राज सिंह ठाकुर, उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, जिला शिक्षा अधिकारी सच्चिदानंद पाण्डेय सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।



