जिला पंचायत सीईओ का अधिकारियों-कर्मचारियों से आत्मीय संवाद,प्रशासनिक मुखिया का अनूठा अंदाज! जिला पंचायत में दीपावली की खुशियों के बीच आत्मीयता का मंच,सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर ने अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ साझा किए त्योहारों के अनुभव, विभागीय योजनाओं और कार्यों की भी की समीक्षा; टीम भावना से जिम्मेदारियां निभाने का दिया संदेश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जिला पंचायत सीईओ का अधिकारियों-कर्मचारियों से आत्मीय संवाद,प्रशासनिक मुखिया का अनूठा अंदाज! जिला पंचायत में दीपावली की खुशियों के बीच आत्मीयता का मंच,सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर ने अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ साझा किए त्योहारों के अनुभव, विभागीय योजनाओं और कार्यों की भी की समीक्षा; टीम भावना से जिम्मेदारियां निभाने का दिया संदेश
कलयुग की कलम कटनी – शासकीय कार्यालयों में अक्सर बैठकों का केंद्र विभागीय समीक्षा और कार्यों की प्रगति रहता है, लेकिन जिला पंचायत कटनी में आयोजित एक विशेष बैठक ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को आत्मीयता और पारिवारिक संवाद से जोड़ने की मिसाल पेश की। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हर सिमरनप्रीत कौर ने कार्यालयीन परिवार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ आत्मीय संवाद कर विभागीय योजनाओं, गतिविधियों और कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही दीपावली के अवसर पर सभी को सपरिवार शुभकामनाएं देते हुए आपसी सहयोग और सकारात्मक कार्यसंस्कृति का संदेश दिया।
बैठक में प्रशासनिक समीक्षा के साथ त्योहार की खुशियां और पारिवारिक अनुभव साझा करने का अवसर भी मिला। सीईओ कौर ने देश के अलग-अलग हिस्सों में दीपावली मनाने की विविध परंपराओं और रीति-रिवाजों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कर्मचारियों से भी उनके परिवारों में दीपावली मनाने के तौर-तरीकों, तैयारियों और परंपराओं के बारे में चर्चा की। सभी को अपनी बात रखने का अवसर दिया गया, जिससे औपचारिक बैठक का माहौल सहज और पारिवारिक बन गया।
कर्तव्यनिष्ठा के साथ टीम भावना पर जोर
सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर ने कहा कि दीपावली प्रकाश, उल्लास, प्रेम और आपसी सौहार्द का पर्व है। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने परिवार और शुभचिंतकों के साथ इस त्योहार को हर्षोल्लास से मनाएं। उन्होंने शासकीय दायित्वों की महत्ता बताते हुए कहा कि प्रत्येक लोक सेवक को कार्यालयीन समय में अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र हितग्राही तक पहुंचाने के लिए सभी को टीम भावना से काम करना होगा।
आत्मीय पहल की कर्मचारियों ने की सराहना
प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ कर्मचारियों के व्यक्तिगत अनुभवों और त्योहारों की खुशियों को महत्व देने वाली इस पहल का उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वागत किया। उनका कहना था कि इस तरह के संवाद से वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग तथा बेहतर समन्वय स्थापित होता है। अवसर पर सभी लोक सेवकों को मिष्ठान वितरित कर दीपावली की खुशियां साझा की गईं।
अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी ने भी सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासकीय जिम्मेदारियों का गंभीरता और तत्परता से निर्वहन करने के साथ त्योहारों को भी परिवार और समाज के बीच उत्साहपूर्वक मनाना चाहिए। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर परियोजना अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, लेखाधिकारी सुरभित अग्रवाल, ऋषि राज चढ़ार, कमलेश सैनी, सहायक परियोजना अधिकारी मृगेंद्र सिंह, विजय लक्ष्मी मरावी, योगेंद्र कुमार असाटी, पंकज नामदेव, गोदफ्रिज किस्पोट्टा, नरेश राठौर, उमेश सोनी सहित जिला पंचायत के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



