मध्यप्रदेश

हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन का उत्सव बनाएं: हरसिमरनप्रीत कौर,जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों को दिए अधिकतम जनभागीदारी के निर्देश, बोलीं—तिरंगे की गरिमा और सम्मान से कोई समझौता नहीं

कलयुग की कलम से राकेश यादव

 हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन का उत्सव बनाएं: हरसिमरनप्रीत कौर,जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों को दिए अधिकतम जनभागीदारी के निर्देश, बोलीं—तिरंगे की गरिमा और सम्मान से कोई समझौता नहीं

कलयुग की कलम कटनी – स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में हर घर तिरंगा अभियान-2026 को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य शासन एवं जिला प्रशासन के निर्देशों के तहत जिला पंचायत सीईओ एवं अभियान की नोडल अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अभियान में अधिक से अधिक नागरिकों को जोड़ने के निर्देश दिए हैं।

सुश्री कौर ने कहा कि हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, एकता और राष्ट्रीय गौरव की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गांव-गांव और पंचायत स्तर तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित की जाए तथा जनप्रतिनिधियों, युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।

उन्होंने नागरिकों से भी स्वतंत्रता दिवस को उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाते हुए अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की। साथ ही शासकीय एवं निजी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

देशभक्ति के रंग में रंगे जिले के कार्यक्रम

जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गरिमामय एवं देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर को भी हर घर तिरंगा अभियान-2026 से जोड़ते हुए कार्यक्रमों को विशेष रूप से आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे स्वतंत्रता दिवस के आयोजनों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना का भाव और मजबूत होगा।

तिरंगे की गरिमा सर्वोपरि, ध्वज संहिता का रखें विशेष ध्यान

सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने अधिकारियों और नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज फहराते समय भारतीय ध्वज संहिता के नियमों एवं प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है, इसलिए उसके सम्मान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि राष्ट्रीय ध्वज का किसी भी परिस्थिति में अपमान न हो। तिरंगे को सम्मानपूर्वक फहराने और अभियान के दौरान ध्वज की गरिमा बनाए रखने के लिए नागरिकों को आवश्यक जानकारी भी दी जाए।

जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए इसे जन-जन की भागीदारी वाला राष्ट्रभक्ति अभियान बनाया जाए, ताकि स्वतंत्रता दिवस पर पूरा जिला तिरंगे के सम्मान और देशभक्ति के रंग में नजर आए।

Related Articles

Back to top button