प्रशासनमध्यप्रदेश

17 सितंबर को रोशन होगा मध्यप्रदेश, हर गांव-हर वार्ड में जगमगाएंगे विकास के दीप,प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर प्रदेशभर में एक साथ दीप प्रज्ज्वलन, विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य; 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा-संकल्प अभियान

कलयुग की कलम से राकेश यादव

17 सितंबर को रोशन होगा मध्यप्रदेश, हर गांव-हर वार्ड में जगमगाएंगे विकास के दीप,प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर प्रदेशभर में एक साथ दीप प्रज्ज्वलन, विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य; 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा-संकल्प अभियान

कलयुग की कलम कटनी – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश में सेवा, विकास और जनभागीदारी का एक माह लंबा अभियान शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा प्रज्ज्वलित विकास का दीपक आज पूरे देश में प्रकाश फैला रहा है। प्रधानमंत्री के सेवा और जिम्मेदारी के 25 वर्षों के सफर को समर्पित सेवा-संकल्प अभियान प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समत्व भवन में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस 17 सितंबर को शाम 7 बजे प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। उज्जैन के महाकाल महालोक सहित प्रदेशभर में होने वाले इस आयोजन का उद्देश्य दीप प्रज्ज्वलन का विश्व रिकॉर्ड कायम करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम की समयबद्ध तैयारी की जाए तथा अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारियां पहले से निर्धारित कर प्रभावी मॉनीटरिंग की जाए। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के साथ सभी कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने जोर दिया।

स्वास्थ्य केंद्रों में रक्तदान शिविर

अभियान के शुभारंभ अवसर पर 17 सितंबर को प्रदेश के सभी स्वास्थ्य केंद्रों एवं मेडिकल कॉलेजों में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। रक्त संग्रह, परिवहन और सुरक्षित संग्रहण की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं से जुड़ेगा युवा वर्ग

‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत 19 से 26 सितंबर तक जिला स्तर पर तथा 4 एवं 5 अक्टूबर को राज्य स्तर पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसमें शासकीय और निजी स्कूलों तथा कॉलेजों के विद्यार्थी भाग लेंगे। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।

आंगन मिलन से पोषण और स्वास्थ्य का संदेश

26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ आयोजित होगी। इसमें बच्चों और माताओं के लिए स्वल्पाहार, खेल एवं पठन सामग्री की व्यवस्था के साथ स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, एनीमिया और स्वच्छता संबंधी जानकारी दी जाएगी।

इसके अलावा ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न गतिविधियां अभियान के दौरान आयोजित की जाएंगी।

सेवा सेतु शिविरों में मौके पर मिलेगा योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री ने सेवा सेतु मेगा शिविरों की विकासखंडवार एवं नगरीय निकायों में जोनवार तैयारी के निर्देश दिए। शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ दिलाने की व्यवस्था की जाएगी। इन शिविरों को जनविश्वास अभियान से भी जोड़ा जाएगा।

जबलपुर सहित छह शहरों में बनेगी मानव रंगोली

‘सेवा के रंग-राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के अंतर्गत 9 और 10 अक्टूबर को भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, झाबुआ और अलीराजपुर में बड़े पैमाने पर जनसहभागिता के साथ मानव रंगोली बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने जबलपुर में होने वाले राज्य स्तरीय आयोजन को लेकर भी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वीसी के जरिए कटनी से जुड़े अधिकारी

सेवा-संकल्प अभियान की समीक्षा बैठक में कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार तथा एसडीएम बहोरीबंद श्लोक वायकर कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से वर्चुअली शामिल हुए। बैठक में जिले में अभियान की गतिविधियों को लेकर आवश्यक तैयारियों और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देशों पर भी अमल की बात कही गई।

Related Articles

Back to top button