अवैध रेत कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, बंद होंगे चोरी के रास्ते! ढीमरखेड़ा की रेत खदानों का पुलिस-खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण, अवैध परिवहन रोकने बनाया चेक पॉइंट,कलेक्टर आशीष तिवारी और एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर कार्रवाई तेज, दतला, दशरमन और कछारगांव की खदानों का लिया जायजा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

अवैध रेत कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, बंद होंगे चोरी के रास्ते! ढीमरखेड़ा की रेत खदानों का पुलिस-खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण, अवैध परिवहन रोकने बनाया चेक पॉइंट,कलेक्टर आशीष तिवारी और एसपी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर कार्रवाई तेज, दतला, दशरमन और कछारगांव की खदानों का लिया जायजा
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाया है। रेत के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ढीमरखेड़ा क्षेत्र में पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने खदानों से लेकर परिवहन मार्गों तक निरीक्षण कर निगरानी की व्यवस्था मजबूत की है। कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में अवैध परिवहन के लिए इस्तेमाल होने वाले कच्चे रास्तों को चिन्हित किया गया है।
खदानों से परिवहन मार्गों तक पड़ताल
संयुक्त टीम ने ढीमरखेड़ा क्षेत्र के दतला, दशरमन और कछारगांव स्थित स्वीकृत रेत खदानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खदानों तक पहुंचने के लिए बनाए गए अस्थायी कच्चे रास्तों का जायजा लिया गया। इन रास्तों को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि इनका इस्तेमाल कर अवैध रेत परिवहन नहीं किया जा सके।
प्रशासन की रणनीति केवल अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन रास्तों को भी बंद करने पर जोर दिया जा रहा है, जिनके जरिए अवैध रेत कारोबार को अंजाम दिया जा सकता है।
अवैध परिवहन रोकने बनाया चेक पॉइंट
रेत के अवैध परिवहन पर निगरानी रखने के लिए क्षेत्र में चेक पॉइंट स्थापित किया गया है। यहां पुलिस और खनिज विभाग का अमला संयुक्त रूप से वाहनों की आवाजाही पर नजर रखेगा। इससे संदिग्ध वाहनों की पहचान करने और अवैध परिवहन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप संचालक खनिज रत्नेश दीक्षित के मार्गदर्शन में निरीक्षण और कार्रवाई की गई। इस दौरान ढीमरखेड़ा एवं सिलौड़ी थाना प्रभारी सहित संबंधित पुलिस बल और खनिज विभाग का अमला मौजूद रहा।
प्रशासन ने रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए निगरानी एवं कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। कच्चे रास्तों को बंद करने और चेक पॉइंट के जरिए निगरानी बढ़ाने की पहल से अवैध रेत कारोबार पर अंकुश लगाने की कोशिश तेज हो गई है।



