एसपी की अपराध समीक्षा बैठक अपराधियों पर शिकंजा कसने एसपी का सख्त फरमान,लंबित अपराधों का समयबद्ध निपटारा, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध शराब के पूरे नेटवर्क पर प्रहार के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

एसपी की अपराध समीक्षा बैठक अपराधियों पर शिकंजा कसने एसपी का सख्त फरमान,लंबित अपराधों का समयबद्ध निपटारा, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध शराब के पूरे नेटवर्क पर प्रहार के निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – पुलिस कंट्रोल रूम में शनिवार को पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक लेकर पुलिसिंग की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी हेडक्वार्टर, एसडीओपी स्लीमनाबाद सहित शहर और ग्रामीण क्षेत्र के थाना-चौकी प्रभारी मौजूद रहे।
एसपी ने प्रत्येक थाना क्षेत्र में अपराध की स्थिति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित प्रकरणों की नियमित निगरानी हो और प्रत्येक मामले में समयसीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
लंबित अपराध से लेकर गुम इंसान तक की समीक्षा
बैठक में दर्ज एवं लंबित अपराध, मर्ग, गुम इंसान, नाबालिगों की दस्तयाबी, संपत्ति संबंधी अपराध, लघु अधिनियम के प्रकरण, न्यायालयीन समंस-वारंट की तामीली तथा धारा 173(8) एवं 299 के तहत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की स्थिति की समीक्षा की गई। एसपी ने गंभीर और पुराने मामलों में राजपत्रित अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
त्योहारों से पहले तैयार होगा सुरक्षा प्लान
आगामी गणेश चतुर्थी, गणेश विसर्जन, नवरात्रि, दुर्गा विसर्जन, दशहरा और दीपावली को देखते हुए एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां अभी से पूरी करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारियों को प्रतिमा पंडालों, जुलूस मार्गों, विसर्जन स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों का चिन्हांकन करने तथा संबंधित समितियों की जानकारी जुटाकर आवश्यक पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
अवैध शराब के स्रोत तक पहुंचने पर जोर
सागर जिले में जहरीली शराब की घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने कटनी में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल शराब की जब्ती तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। अवैध शराब के स्रोत, सप्लायर, परिवहनकर्ता और पूरे नेटवर्क की कड़ियां तलाशकर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
पुराने मामलों और फरार आरोपियों पर विशेष नजर
एसपी ने पुराने लंबित अपराधों की समीक्षा करते हुए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए। गंभीर मामलों में विवेचना की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और प्रकरणों के शीघ्र खुलासे के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
संगठित अपराध की पूरी कड़ी खंगालने के निर्देश
एससी/एसटी अधिनियम से जुड़े मामलों, गंभीर अपराधों तथा संगठित आर्थिक अपराधों की समीक्षा के दौरान एसपी ने आरोपियों के साथ उनके सहयोगियों और अपराध में शामिल पूरे नेटवर्क की भूमिका जांचने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंभीर प्रकरणों में केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि अपराध की जड़ तक पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करें।
नशे में वाहन चलाने वालों पर भी सख्ती
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए सड़क सुरक्षा और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में सीसीटीएनएस, ई-विवेचना, ई-साक्ष्य, ई-एफआईआर, अवैध शराब तथा एमडीपीएस/एनडीपीएस मामलों में की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। एसपी ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों से अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा, ताकि जिले में आमजन को सुरक्षित वातावरण और बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध हो सके।



