प्रशासनमध्यप्रदेश

बिलहरी की महिलाओं के पत्थरों में दिखा हुनर पत्थरों को तराशकर हुनर की नई इबारत लिख रहीं बिलहरी की महिलाएं,कलेक्टर, एसपी और जिला पंचायत सीईओ ने देखा स्व सहायता समूह का स्टोन वर्क; कला, मेहनत और आत्मनिर्भरता की जमकर सराहना

कलयुग की कलम से राकेश यादव

बिलहरी की महिलाओं के पत्थरों में दिखा हुनर पत्थरों को तराशकर हुनर की नई इबारत लिख रहीं बिलहरी की महिलाएं,कलेक्टर, एसपी और जिला पंचायत सीईओ ने देखा स्व सहायता समूह का स्टोन वर्क; कला, मेहनत और आत्मनिर्भरता की जमकर सराहना

कलयुग की कलम कटनी – जन विश्वास अभियान के तहत विकासखंड रीठी की ग्राम पंचायत बिलहरी में ग्रामीण महिलाओं के हुनर और मेहनत की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। यहां स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा स्थानीय स्तर पर पत्थरों को तराशकर तैयार किए जा रहे आकर्षक एवं उपयोगी शिल्प उत्पादों का कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा और जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने अवलोकन किया।

अधिकारियों ने महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न पत्थर शिल्प उत्पादों को देखा और उनके निर्माण की प्रक्रिया, लागत, उत्पादन तथा बिक्री के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि स्थानीय संसाधनों और अपने हुनर के माध्यम से वे पत्थर शिल्प तैयार कर आजीविका का साधन विकसित कर रही हैं।

कलेक्टर आशीष तिवारी ने महिलाओं के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय संसाधनों को पारंपरिक कौशल और आधुनिक बाजार की जरूरतों से जोड़कर ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में बेहतर प्रयास कर रही हैं। उन्होंने उत्पादों की गुणवत्ता, आकर्षक डिजाइन और बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए नए उत्पाद तैयार करने पर जोर दिया।

जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने भी महिलाओं के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि स्व सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को बेहतर बाजार और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उत्पादन से लेकर बिक्री तक जानीं चुनौतियां

अधिकारियों ने समूह की महिलाओं से उनके रोजमर्रा के कार्य, उत्पादन क्षमता, उत्पादों की बिक्री और सामने आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही उनकी जरूरतों और कार्य को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग को लेकर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने महिलाओं को उनके हुनर को और निखारते हुए बड़े बाजार से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस दौरान जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी, सीमा सिंह, राम सुजान द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा स्व सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।

Related Articles

Back to top button