पचपेढ़ी में सड़क से नीचे धंसा पुट्टी पाउडर से लदा ट्रक साइड देने के चक्कर में सड़क से नीचे धंसा पुट्टी से लदा ट्रक, घंटों थमे पहिए,पचपेढ़ी में बड़ा हादसा टला, दुकान-मकान को पहुंचा नुकसान; जेसीबी से ट्रक निकालने के दौरान लगा लंबा जाम
कलयुग की कलम से राकेश यादव

पचपेढ़ी में सड़क से नीचे धंसा पुट्टी पाउडर से लदा ट्रक साइड देने के चक्कर में सड़क से नीचे धंसा पुट्टी से लदा ट्रक, घंटों थमे पहिए,पचपेढ़ी में बड़ा हादसा टला, दुकान-मकान को पहुंचा नुकसान; जेसीबी से ट्रक निकालने के दौरान लगा लंबा जाम
कलयुग की कलम उमरिया पान – उमरियापान क्षेत्र के पचपेढ़ी में गुरुवार देर रात सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के प्रयास में पुट्टी पाउडर से लदा एक ट्रक सड़क से नीचे उतरकर मिट्टी में धंस गया। ट्रक के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतरने से समीप स्थित सुनील पटेल की दुकान और बिस्कुट झारिया के मकान को क्षति पहुंची। हादसे के बाद शुक्रवार दोपहर ट्रक को निकालने के लिए जेसीबी मशीनें बुलानी पड़ीं। ट्रक को बाहर निकालने की कवायद के दौरान सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
सामने से आया वाहन, साइड देने में बिगड़ा संतुलन
जानकारी के अनुसार बिरला पुट्टी पाउडर से भरा ट्रक सिहोरा से बड़वारा की ओर जा रहा था। गुरुवार रात करीब 11 बजे जब ट्रक पचपेढ़ी पहुंचा, तभी सामने से एक अन्य वाहन आ गया। उसे रास्ता देने के दौरान ट्रक सड़क के किनारे उतर गया। सड़क से नीचे उतरते ही भारी वाहन नरम मिट्टी में धंस गया और आगे बढ़ना मुश्किल हो गया।
ट्रक के सड़क से नीचे जाने से आसपास मौजूद दुकान और मकान को नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।
जेसीबी से निकालने में छूटा पसीना, लगा लंबा जाम
ट्रक को निकालने के लिए शुक्रवार दोपहर जेसीबी मशीनों को मौके पर बुलाया गया। भारी वजन के कारण ट्रक को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। मशीनों की मदद से ट्रक को धीरे-धीरे सड़क पर लाने का प्रयास किया गया।
इस दौरान सड़क पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। दोनों ओर बसों, ट्रकों, चारपहिया और दोपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बसों में बैठे यात्रियों सहित राहगीरों को काफी देर तक जाम खुलने का इंतजार करना पड़ा।
घंटों बाद बहाल हुआ आवागमन
काफी प्रयास के बाद ट्रक को सड़क किनारे से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद सड़क पर फंसे वाहनों को आगे बढ़ाया गया और यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। घटना के कारण पचपेढ़ी मार्ग से गुजरने वाले लोगों को कई घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे पर्याप्त जगह नहीं होने और भारी वाहनों के आवागमन के दौरान साइड देने में होने वाली परेशानी के कारण ऐसे हालात बनते हैं। लोगों ने मार्ग पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की जरूरत जताई है।



