प्रशासनमध्यप्रदेश

जनसुनवाई में उमड़ा भरोसा: 226 फरियादियों की समस्याएं सुनीं, कलेक्टर बोले— अब समाधान में नहीं होगी देरी,अधिकारियों को सख्त निर्देश: हर शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें, जवाबदेही भी तय होगी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई में उमड़ा भरोसा: 226 फरियादियों की समस्याएं सुनीं, कलेक्टर बोले— अब समाधान में नहीं होगी देरी,अधिकारियों को सख्त निर्देश: हर शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करें, जवाबदेही भी तय होगी

कलयुग की कलम कटनी – आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। जनसुनवाई के दौरान 226 आवेदकों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं सीधे कलेक्टर आशीष तिवारी के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने सभी आवेदकों की शिकायतें गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि किसी भी नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे शिकायतों का समय पर निराकरण करें और लंबित मामलों की लगातार समीक्षा करते रहें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी विभाग शिकायतों के निस्तारण की नियमित मॉनिटरिंग करें और पात्र हितग्राहियों को समय पर राहत उपलब्ध कराएं।

जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

इन समस्याओं को लेकर पहुंचे लोग

जनसुनवाई में सबसे अधिक आवेदन राजस्व विभाग से जुड़े रहे, जिनमें भूमि विवाद, सीमांकन, नामांतरण, भूमि आवंटन, अतिक्रमण हटाने और नक्शा सुधार जैसी शिकायतें शामिल थीं।

इसके अलावा विद्युत विभाग से बिजली बिलों में त्रुटि, ट्रांसफार्मर बदलने और नए बिजली खंभे लगाने की मांग सामने आई। शिक्षा विभाग में स्कूलों द्वारा टीसी नहीं देने की शिकायतें मिलीं, जबकि खाद्य विभाग में राशन वितरण में अनियमितता और कम अनाज मिलने की शिकायतें दर्ज कराई गईं।

इसी प्रकार महिला एवं बाल विकास विभाग से लाड़ली बहना योजना की राशि, प्रधानमंत्री आवास योजना की नई सूची में नाम शामिल कराने सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन भी बड़ी संख्या में प्राप्त हुए।

समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदन का तथ्यों के आधार पर परीक्षण किया जाए और बिना अनावश्यक विलंब के कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दोहराया कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराना है तथा शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को अपने विभागों में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।

Related Articles

Back to top button