एक्सक्लूसिव खबरेंमध्यप्रदेश

पत्रकारिता नारद और हनुमान जैसी हो, शूर्पणखा जैसी नहीं”: शलभ भदौरिया,सिहोरा पत्रकार सम्मेलन में निष्पक्ष पत्रकारिता का दिया संदेश, सिहोरा को जिला बनाने के लिए संघ ने दोहराया संकल्प

कलयुग की कलम से राकेश यादव

“पत्रकारिता नारद और हनुमान जैसी हो, शूर्पणखा जैसी नहीं”: शलभ भदौरिया,सिहोरा पत्रकार सम्मेलन में निष्पक्ष पत्रकारिता का दिया संदेश, सिहोरा को जिला बनाने के लिए संघ ने दोहराया संकल्प

कलयुग की कलम सिहोरा – मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की सिहोरा जिला इकाई का सम्मेलन रविवार को रुक्मणी पैलेस में उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। सम्मेलन में प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों, पत्रकारों की भूमिका और संगठन की भावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संघ के प्रदेशाध्यक्ष शलभ भदौरिया ने अपने संबोधन में पत्रकारों से निर्भीक, निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “पत्रकारिता नारद और हनुमान जैसी होनी चाहिए, शूर्पणखा जैसी नहीं।” उनका आशय था कि पत्रकारिता का उद्देश्य समाज में सत्य, संवाद और सकारात्मक संदेश पहुंचाना होना चाहिए, न कि भ्रम और विवाद फैलाना।

उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उन्हें हर परिस्थिति में अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में कहीं भी किसी पत्रकार के सम्मान, सुरक्षा या अधिकारों का प्रश्न उठेगा तो श्रमजीवी पत्रकार संघ मजबूती से उनके साथ खड़ा रहेगा।

सम्मेलन की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शैलेन्द्र दुबे ने की। विशिष्ट अतिथियों में प्रदेश संगठन प्रभारी मोहम्मद अली, सिहोरा विधायक संतोष वरकड़े, जनपद अध्यक्ष रश्मि अग्निहोत्री, नगर पालिका अध्यक्ष संध्या दुबे, पूर्व विधायक दिलीप दुबे तथा शहडोल जिला इकाई के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह परिहार शामिल रहे।

सिहोरा को जिला बनाने के प्रयास जारी

अपने उद्बोधन में प्रदेशाध्यक्ष शलभ भदौरिया ने कहा कि संगठन ने सिहोरा इकाई को जिला इकाई के रूप में संगठित किया है और सिहोरा को जिला बनाने की मांग को लेकर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और समाज के सहयोग से आने वाले समय में सिहोरा को जिला बनाने का सपना अवश्य साकार होगा। उनके इस वक्तव्य का उपस्थित पत्रकारों और अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

बड़ी संख्या में जुटे पत्रकार साथी

सम्मेलन में मझौली, मझगवां, गोसलपुर, कुम्ही सतधारा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार अनिल जैन, प्रवीण कुररिया, सुनील तिवारी, अंकुर गुप्ता, सत्येंद्र तिवारी, प्रशांत बाजपेई, जगदीश ठाकुर, राजकुमार साहू, कृष्ण कुमार साहू, महेंद्र कोष्टा, राजू नामदेव, पवन कोष्टा, मनोरंजन राय, पवन गुप्ता, हेमचंद असाटी, गनपत चौहान, गौरव गुप्ता, राजेश गुप्ता, हर्ष दुबे, रमेश बर्मन, आकाश चतुर्वेदी, कृष्ण कुमार, विजय तिवारी, राहुल श्रीवास, रानू मिश्रा, रानू सेन सहित सैकड़ों पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

सम्मेलन का समापन संगठन की मजबूती, पत्रकार हितों की रक्षा और निष्पक्ष पत्रकारिता के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button