5 सूत्रीय मांगों को लेकर पटवारियों का बिगुल: मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, मांगें नहीं मानीं तो 3 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल सिलौंडी में पटवारी संघ का प्रदर्शन, चरणबद्ध आंदोलन शुरू; सरकार से लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग
कलयुग की कलम से राकेश यादव

5 सूत्रीय मांगों को लेकर पटवारियों का बिगुल: मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, मांगें नहीं मानीं तो 3 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल सिलौंडी में पटवारी संघ का प्रदर्शन, चरणबद्ध आंदोलन शुरू; सरकार से लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने की मांग
कलयुग की कलम सिलौंडी – प्रदेश की वर्षों से लंबित मांगों के निराकरण की मांग को लेकर मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने आंदोलन तेज कर दिया है। इसी क्रम में सिलौंडी तहसील के पटवारियों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपते हुए सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की। संघ का कहना है कि यदि मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो 3 अगस्त से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के पटवारियों की पांच प्रमुख मांगें लंबे समय से लंबित हैं। 25 अक्टूबर 2025 को मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात के दौरान इन मांगों पर महाधिवेशन आयोजित कर निर्णय लेने का आश्वासन मिला था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी है। इसी कारण संगठन को चरणबद्ध आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
ये हैं पटवारी संघ की प्रमुख मांगें
संघ ने कैडर रिव्यू, पदोन्नति और समयमान वेतनमान लागू करने, वर्ष 2018 के बाद लंबित नायब तहसीलदार विभागीय परीक्षा शीघ्र आयोजित कराने, राजस्व कार्यों में सुरक्षा के लिए जज प्रोटेक्शन एक्ट के दायरे में पटवारियों को शामिल करने, स्वामित्व योजना, संगणना, फार्मर आईडी सहित अन्य कार्यों का बकाया मानदेय तत्काल भुगतान करने तथा स्थानांतरण नीति का पारदर्शी पालन सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।
चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा
पटवारी संघ ने बताया कि आंदोलन की शुरुआत 15 से 17 जुलाई तक सामूहिक अवकाश लेकर की गई थी। इसके बाद 20 से 23 जुलाई तक काली पट्टी बांधकर कार्य किया जा रहा है। 24 से 27 जुलाई तक शासकीय व्हाट्सएप समूहों का बहिष्कार, 28 जुलाई से 2 अगस्त तक वेबजीआईएस और सारा एप पर ऑनलाइन कार्य का बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर 3 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष अशोक बागरी के नेतृत्व में तहसीलदार को मांगपत्र सौंपा गया। इस अवसर पर मनीष दहिया, महेंद्र थूल, अनिल सोनी, आनंद डेहरिया, लम्मू, सुधीर, आदेश, जया, अजीत, कृष्ण, शशांक, नीरज, महेंद्र और अनेश सहित बड़ी संख्या में पटवारी उपस्थित रहे।



