सीएम हेल्पलाइन में कटनी का दमदार प्रदर्शन: प्रदेश के टॉप-10 जिलों में बनाई जगह, पुलिस, जिला पंचायत और नगर निगम को भी मिला ‘ए’ ग्रेड,17 माह से लगातार अग्रणी जिलों में शामिल, शिकायतों के त्वरित और संतुष्टिपूर्ण निराकरण का मिला पुरस्कार
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सीएम हेल्पलाइन में कटनी का दमदार प्रदर्शन: प्रदेश के टॉप-10 जिलों में बनाई जगह, पुलिस, जिला पंचायत और नगर निगम को भी मिला ‘ए’ ग्रेड,17 माह से लगातार अग्रणी जिलों में शामिल, शिकायतों के त्वरित और संतुष्टिपूर्ण निराकरण का मिला पुरस्कार
कलयुग की कलम कटनी – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के प्रभावी और संतुष्टिपूर्ण निराकरण के क्षेत्र में कटनी जिले ने एक बार फिर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। राज्य शासन द्वारा जारी मई माह की ग्रेडिंग में कटनी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के प्रथम समूह के 28 जिलों में छठवां स्थान प्राप्त किया है। 84.3 वेटेज स्कोर के साथ जिले को ‘ए’ ग्रेड प्रदान किया गया है, जिससे कटनी प्रदेश के शीर्ष दस जिलों में शामिल हो गया है।
कलेक्टर आशीष तिवारी के सतत अनुश्रवण और विभागीय अधिकारियों की सक्रियता के चलते जिले ने शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण में उल्लेखनीय सफलता दर्ज की है। मई माह के दौरान प्राप्त 11 हजार 634 शिकायतों के निराकरण में जिले ने 50.36 वेटेज स्कोर अर्जित करते हुए कुल 84.3 वेटेज स्कोर हासिल किया।
लगातार 17 माह से कायम है उत्कृष्ट प्रदर्शन
सीएम हेल्पलाइन की नियमित समीक्षा और जवाबदेही आधारित कार्यप्रणाली का ही परिणाम है कि कटनी जिला पिछले लगभग 17 महीनों से प्रदेश के अग्रणी जिलों की सूची में लगातार अपनी मजबूत उपस्थिति बनाए हुए है। यह उपलब्धि प्रशासनिक संवेदनशीलता और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शिकायतों के निराकरण में और अधिक गंभीरता, संवेदनशीलता तथा परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सुशासन, पारदर्शिता और जनविश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। आमजन की समस्याओं का शीघ्र और संतोषजनक समाधान प्रशासन के प्रति विश्वास को और सुदृढ़ करता है।
पुलिस, जिला पंचायत और नगर निगम ने भी बढ़ाया जिले का गौरव
सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निराकरण में जिले के अन्य प्रमुख विभागों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है।
पुलिस विभाग को मिला ‘ए’ ग्रेड
मई माह में प्राप्त 1,034 शिकायतों के निराकरण में पुलिस विभाग ने 51.47 वेटेज स्कोर अर्जित करते हुए कुल 84.72 वेटेज स्कोर के साथ अपने समूह में 13वां स्थान हासिल किया और ‘ए’ ग्रेड प्राप्त किया।
जिला पंचायत रही शीर्ष प्रदर्शनकर्ताओं में
जिला पंचायत ने 50.1 वेटेज स्कोर के साथ अपने समूह में छठवां स्थान प्राप्त किया। कुल 86.76 वेटेज स्कोर के साथ जिला पंचायत को भी ‘ए’ ग्रेड प्रदान किया गया।
नगर निगम का शानदार प्रदर्शन
नगर निगम कटनी ने मई माह में प्राप्त 718 शिकायतों का प्रभावी निराकरण करते हुए 54.4 वेटेज स्कोर अर्जित किया। कुल 92.83 वेटेज स्कोर के साथ नगर निगम ने अपने समूह में छठवां स्थान हासिल करते हुए ‘ए’ ग्रेड प्राप्त किया।
जनसमस्याओं के समाधान में कटनी बना सुशासन का उदाहरण
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायतों के निराकरण में कटनी जिले का लगातार बेहतर प्रदर्शन यह दर्शाता है कि प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर और जवाबदेह है। जिले की यह उपलब्धि सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में एक सकारात्मक मिसाल के रूप में देखी जा रही है।



