स्कूली किताबों के परिवहन पर उठे सवाल, अब होगी 7 दिन में जांच!,जिला पंचायत सदस्य की शिकायत पर सीईओ का बड़ा एक्शन, चार सदस्यीय समिति करेगी बिंदुवार जांच
कलयुग की कलम से राकेश यादव

स्कूली किताबों के परिवहन पर उठे सवाल, अब होगी 7 दिन में जांच!,जिला पंचायत सदस्य की शिकायत पर सीईओ का बड़ा एक्शन, चार सदस्यीय समिति करेगी बिंदुवार जांच
कलयुग की कलम कटनी – शासकीय विद्यालयों में पुस्तकों के परिवहन को लेकर सामने आई शिकायत को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मामले की वास्तविकता सामने लाने के लिए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। समिति को शिकायत में उल्लेखित बिंदुओं की जांच कर सात दिवस के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह कार्रवाई जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोहिनी देवी पांडेय द्वारा की गई शिकायत के बाद की गई है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत सीईओ ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच की प्रक्रिया शुरू कराई है।
चार अधिकारियों को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी
जारी आदेश के अनुसार गठित समिति में जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी, लेखा अधिकारी सुरभित अग्रवाल, जिला शिक्षा केंद्र से एपीसी राम भूषण अग्निहोत्री तथा जनपद शिक्षा केंद्र कटनी के बीआरसी मनोज गौतम को शामिल किया गया है।
समिति को शिकायत पत्र में दर्ज तथ्यों की बिंदुवार जांच करने तथा उपलब्ध दस्तावेजों एवं संबंधित तथ्यों का परीक्षण कर निर्धारित अवधि में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
सात दिन में सामने आएगी जांच की रिपोर्ट
जिला पंचायत सीईओ द्वारा जारी आदेश में समिति को स्पष्ट समय-सीमा दी गई है। अधिकारियों को सात दिवस के भीतर जांच पूरी कर प्रतिवेदन सौंपना होगा। इससे पुस्तक परिवहन से जुड़ी शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
जिला शिक्षा केंद्र को सहयोग के निर्देश
जिला पंचायत सीईओ ने जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केंद्र कटनी को निर्देशित किया है कि जांच समिति को जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज, अभिलेख और अन्य वांछित सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि जांच निष्पक्ष और तथ्यात्मक तरीके से पूरी हो सके।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई के बाद अब सभी की नजर जांच समिति की रिपोर्ट पर है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पुस्तक परिवहन संबंधी शिकायत में वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



