प्रशासनमध्यप्रदेश

नल-जल योजनाओं में लापरवाही पड़ी भारी, ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट! कलेक्टर श्री तिवारी का दो टूक निर्देश—दिसंबर तक हर हाल में पूरे हों अधूरे काम, ग्राम पंचायतों को सौंपें योजनाएं

कलयुग की कलम से राकेश यादव

नल-जल योजनाओं में लापरवाही पड़ी भारी, ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट! कलेक्टर श्री तिवारी का दो टूक निर्देश—दिसंबर तक हर हाल में पूरे हों अधूरे काम, ग्राम पंचायतों को सौंपें योजनाएं

कलयुग की कलम कटनी – ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक नल से पानी पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजनाओं में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। काम में रुचि नहीं लेने अथवा निर्धारित समय में योजना पूरी नहीं करने वाले ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने दिए हैं।

मंगलवार को कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में जल जीवन मिशन और मध्यप्रदेश जल निगम के माध्यम से संचालित एवं निर्माणाधीन जल प्रदाय योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं की लगातार निगरानी की जाए और गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में काम पूरा कराया जाए।

523 योजनाएं पूर्ण, 423 पंचायतों को हस्तांतरित

बैठक में बताया गया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में 523 जल प्रदाय योजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है। इनमें से 400 योजनाएं हर घर जल सर्टिफाइड तथा 523 योजनाएं हर घर जल रिपोर्टेड घोषित की गई हैं। वहीं 423 योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जा चुकी हैं।

कलेक्टर ने कहा कि पूर्ण हो चुकी योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि संबंधित ग्राम पंचायत को इसकी जानकारी देते हुए विधिवत हस्तांतरण किया जाए।

ग्राम सभा में होगा योजनाओं का हस्तांतरण

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि नल-जल योजनाओं का ग्राम पंचायतों को हस्तांतरण ग्राम सभा आयोजित कर समारोहपूर्वक किया जाए। इससे ग्रामीणों को योजना के हस्तांतरण की जानकारी मिलेगी और योजना के संचालन तथा रखरखाव में ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सकेगी।

बचैया, भगनवारा और तेवरी के काम पर नाराजगी

जल प्रदाय योजनाओं की समीक्षा के दौरान बहोरीबंद विकासखंड की ग्राम पंचायत बचैया, भगनवारा और तेवरी में कार्यों में कोताही सामने आने पर कलेक्टर ने गंभीर नाराजगी जताई। उन्होंने इन कार्यों से संबंधित भोपाल की मेसर्स नेटलिंक सॉफ्टवेयर कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।

दिसंबर तक पूरा करना होगा काम

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की लगातार समीक्षा हो, ताकि ग्रामीणों को समय पर बेहतर जल सुविधा मिल सके।

उन्होंने सभी प्रगतिरत जल जीवन मिशन योजनाओं को दिसंबर 2026 तक पूरा कर ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, अतिरिक्त सीईओ अनुराग मोदी, पीएचई के कार्यपालन यंत्री पवनसुत गुप्ता, सुनीता द्विवेदी, सभी जनपद पंचायतों के सीईओ, जल निगम के अधिकारी तथा पीएचई के सहायक यंत्री एवं उपयंत्री मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button