प्रशासनमध्यप्रदेश

जनसुनवाई में गूंजीं जनता की आवाज़ें, पुलिस अधिकारियों ने मौके पर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश पारिवारिक विवाद से लेकर साइबर ठगी तक की शिकायतें सुनीं, निष्पक्ष समाधान का दिलाया भरोसा

कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई में गूंजीं जनता की आवाज़ें, पुलिस अधिकारियों ने मौके पर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश पारिवारिक विवाद से लेकर साइबर ठगी तक की शिकायतें सुनीं, निष्पक्ष समाधान का दिलाया भरोसा

कलयुग की कलम कटनी – जिले के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी शिकायतें और समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में आयोजित इस जनसुनवाई में नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया, एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी तथा डीएसपी अजाक शिवा पाठक ने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान पारिवारिक विवाद, आपसी मतभेद, आर्थिक लेन-देन से जुड़े मामले, भूमि एवं प्लॉट संबंधी कथित धोखाधड़ी, महिला अपराध तथा पुलिस कार्रवाई से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। अधिकारियों ने प्रत्येक प्रकरण का अवलोकन कर संबंधित थाना प्रभारियों को निष्पक्ष जांच एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों पर विशेष ध्यान देते हुए अधिकारियों ने फरियादियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने, अज्ञात लिंक और कॉल से सतर्क रहने तथा शासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। साथ ही आवश्यक मामलों को साइबर सेल के माध्यम से कार्रवाई के लिए अग्रेषित किया गया।

अन्य विभागों से संबंधित मामलों में आवेदकों को संबंधित विभागों से संपर्क कर समस्या के निराकरण की प्रक्रिया अपनाने की समझाइश दी गई। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि प्राप्त सभी शिकायतों का नियमानुसार परीक्षण कर शीघ्र एवं निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिससे लोगों को त्वरित सुनवाई और समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल का अनुभव हुआ।

Related Articles

Back to top button