एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनमध्यप्रदेश

मुक्तिधाम में गूंजा हरियाली का संकल्प: मानवाधिकार परिषद ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश,विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण कर लिया प्रकृति संवर्धन का प्रण, समाजसेवियों और मातृशक्ति की रही सक्रिय भागीदारी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

मुक्तिधाम में गूंजा हरियाली का संकल्प: मानवाधिकार परिषद ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश,विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण कर लिया प्रकृति संवर्धन का प्रण, समाजसेवियों और मातृशक्ति की रही सक्रिय भागीदारी

कलयुग की कलम कटनी – विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मानवाधिकार परिषद के जिला एवं संभागीय पदाधिकारियों द्वारा प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” के तहत कटनी के नदीपार मोड़ स्थित मुक्तिधाम परिसर में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। उपस्थित अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मानवाधिकार परिषद के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामकुमार द्विवेदी ने कहा कि स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त वातावरण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

संभागीय महिला विंग अध्यक्ष एवं समाजसेवी रेखा अंजू तिवारी ने कहा कि मुक्तिधाम जीवन की सच्चाई का प्रतीक स्थल है, जहां आकर व्यक्ति को प्रकृति, जीवन और अपने पूर्वजों के प्रति कर्तव्यों का स्मरण होता है। उन्होंने सभी से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आग्रह किया।

कार्यक्रम का संचालन मानवाधिकार परिषद के जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए, तभी पर्यावरण संरक्षण के प्रयास सार्थक होंगे।

पौधारोपण अभियान में संभाग उपाध्यक्ष अधिवक्ता संजय जैन, संभागीय कोषाध्यक्ष रामप्रकाश शर्मा, छात्रावास अधीक्षक ए.के. मेहरा, हेमंत अटल, जिला महासचिव दीपक कोटक, जिला उपाध्यक्ष प्रकाशचंद जैन, भाजपा युवा नेता अजय माली, ब्रजेश अग्रवाल, शिक्षिका डॉ. उर्मिला साई प्रीत, समाजसेवी लता खरे, महिला विंग जिला उपाध्यक्ष दुर्गा तोमर, बालिका तेजस्वी लक्ष्मी रजक सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा उनकी नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया गया। अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए शीतल पेयजल वितरण किया गया।

“आओ मिलकर धरती को हराभरा बनाएं, एक पौधा लगाकर प्रकृति का ऋण चुकाएं।”

Related Articles

Back to top button