प्रशासनमध्यप्रदेश

विश्व साइकिल दिवस पर कटनी में फिटनेस का महाअभियान आज”संडे ऑन साइकिल” में जुटेंगे युवा, विद्यार्थी और नागरिक; स्वास्थ्य व पर्यावरण संरक्षण का दिया जाएगा संदेश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

विश्व साइकिल दिवस पर कटनी में फिटनेस का महाअभियान आज“संडे ऑन साइकिल” में जुटेंगे युवा, विद्यार्थी और नागरिक; स्वास्थ्य व पर्यावरण संरक्षण का दिया जाएगा संदेश

कलयुग की कलम कटनी – विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर रविवार को जिलेभर में “संडे ऑन साइकिल” अभियान के तहत जिला, जनपद एवं ग्राम स्तर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम के प्रति जागरूक करने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर ने संबंधित विभागों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला शिक्षा विभाग, नेहरू युवा केंद्र, जनपद पंचायतों, एनआरएलएम एवं जन अभियान परिषद के अधिकारियों से व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

अधिक से अधिक लोग बनें अभियान का हिस्सा

जिला पंचायत सीईओ ने जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर इस अभियान में सक्रिय सहभागिता करें। उनका कहना है कि साइकिलिंग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक प्रभावी कदम है।

फिट इंडिया आंदोलन का महत्वपूर्ण हिस्सा

“संडे ऑन साइकिल” अभियान युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित फिट इंडिया आंदोलन की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना और फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना है।

साइकिलिंग के अनेक फायदे

साइकिल चलाना एक प्रभावी एरोबिक व्यायाम है, जो हृदय को स्वस्थ रखने, शारीरिक क्षमता बढ़ाने और बढ़ते मोटापे को नियंत्रित करने में मददगार साबित होता है। इसके साथ ही यह प्रदूषणमुक्त परिवहन का माध्यम है, जिससे ईंधन की बचत होती है और पर्यावरण को भी संरक्षण मिलता है।

स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनभागीदारी का संगम

अभियान में स्कूली छात्र-छात्राएं, युवा, खिलाड़ी, डॉक्टर, पुलिसकर्मी तथा विभिन्न आयु वर्ग के नागरिक भाग लेंगे। आयोजकों का मानना है कि यह पहल लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता को भी मजबूत करेगी।

विश्व साइकिल दिवस पर आयोजित “संडे ऑन साइकिल” अभियान जिलेवासियों के लिए फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का एक प्रेरणादायी उत्सव साबित होगा।

Related Articles

Back to top button