प्रशासनमध्यप्रदेश

खनिज माफियाओं पर कसेगा शिकंजा: अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर कलेक्टर श्री तिवारी के सख्त तेवर,राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश, तकनीकी निगरानी और संयुक्त कार्रवाई पर जोर

कलयुग की कलम से राकेश यादव

खनिज माफियाओं पर कसेगा शिकंजा: अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर कलेक्टर श्री तिवारी के सख्त तेवर,राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश, तकनीकी निगरानी और संयुक्त कार्रवाई पर जोर

कलयुग की कलम कटनी – जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने खनिज विभाग की समीक्षा बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही खनिज राजस्व वसूली को गति देने और निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में खनिज विभाग की गतिविधियों, राजस्व वसूली की प्रगति, प्रवर्तन कार्रवाइयों तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उपसंचालक खनिज श्री रत्नेश दीक्षित सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि जिले में अवैध खनिज कारोबार पर नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी और सतत कार्रवाई बेहद आवश्यक है। उन्होंने आधुनिक तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। साथ ही मैदानी स्तर पर निरीक्षण बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने को कहा।

उन्होंने राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से अभियान चलाने पर बल दिया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अवैध खनिज गतिविधियों से जुड़ी शिकायतों और सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित हो।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए और शिकायत निवारण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार करने, नियमित प्रगति की समीक्षा करने तथा फील्ड स्तर पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही खनिज संसाधनों के संरक्षण और वैधानिक प्रावधानों के प्रभावी पालन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

बैठक में विभागीय अधिकारियों द्वारा राजस्व वसूली, प्रवर्तन कार्यवाहियों, शिकायतों की स्थिति तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की गई। कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति और अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button