प्रशासनमध्यप्रदेश

अक्षत के निधन पर सीएम डॉ. यादव ने परिवार से वीडियो कॉल पर की बात, बोले—‘इस दुख की घड़ी में पूरी सरकार आपके साथ’दिल्ली में पीजी हॉस्टल हादसे में गई थी 19 वर्षीय अक्षत यादव की जान, मुख्यमंत्री ने पिता से की संवेदनापूर्ण चर्चा; परिवार को बंधाया ढांढस

कलयुग की कलम से राकेश यादव

अक्षत के निधन पर सीएम डॉ. यादव ने परिवार से वीडियो कॉल पर की बात, बोले—‘इस दुख की घड़ी में पूरी सरकार आपके साथ’दिल्ली में पीजी हॉस्टल हादसे में गई थी 19 वर्षीय अक्षत यादव की जान, मुख्यमंत्री ने पिता से की संवेदनापूर्ण चर्चा; परिवार को बंधाया ढांढस

कलयुग की कलम कटनी – दिल्ली में पीजी हॉस्टल की इमारत ढहने की दर्दनाक घटना में जान गंवाने वाले कटनी के 19 वर्षीय स्व. अक्षत यादव के परिजनों से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद कर गहरी संवेदना व्यक्त की। मंत्रालय से हुई बातचीत में मुख्यमंत्री ने अक्षत के पिता मंतू सिंह यादव एवं अन्य परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि यह अत्यंत दुखद और पीड़ादायक घटना है। इस कठिन समय में मध्यप्रदेश सरकार पूरी तरह शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने परिजनों से भावुकतापूर्वक चर्चा करते हुए स्व. अक्षत के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

दिल्ली में पढ़ाई के साथ UPSC की कर रहे थे तैयारी

उल्लेखनीय है कि कटनी के दुबे कॉलोनी निवासी अक्षत यादव दिल्ली में रहकर दिल्ली विश्वविद्यालय में बी.कॉम. द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे थे। पढ़ाई के साथ ही वे संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा की तैयारी भी कर रहे थे। बीते 6 सितंबर को दिल्ली में निजी पीजी हॉस्टल की पूरी इमारत ढह जाने की दुर्घटना में अक्षत की असामयिक मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद से ही कटनी स्थित परिवार में शोक का माहौल है।

वीडियो कॉल के दौरान जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मंत्रालय से स्व. अक्षत के पिता एवं परिजनों से की गई वीडियो कॉल के दौरान मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, नवलेश मलिक, रजनीश तिवारी एवं राय प्रताप सिंह मौजूद रहे।

वहीं, कटनी स्थित अक्षत यादव के निवास पर जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी भी शोकाकुल परिवार के साथ उपस्थित रहे और परिजनों को ढांढस बंधाया।

अक्षत का असामयिक निधन परिवार के साथ-साथ उन सभी लोगों के लिए भी गहरा आघात है, जो उसके उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद लगाए हुए थे। मुख्यमंत्री द्वारा सीधे परिजनों से संवाद कर संवेदना व्यक्त करने से दुख की इस घड़ी में परिवार को शासन की संवेदनशीलता और सहयोग का भरोसा मिला।

Related Articles

Back to top button