अफसर बने शिक्षक, बच्चों के बीच पहुंचकर पढ़ाया पाठ!,मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान में स्कूलों का औचक जायजा—एडीशनल सीईओ अनुराग मोदी ने विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद,पढ़ाई के साथ योग, व्यायाम और खेलकूद पर दिया जोर; मध्यान्ह भोजन चखकर परखी गुणवत्ता
कलयुग की कलम से राकेश यादव

अफसर बने शिक्षक, बच्चों के बीच पहुंचकर पढ़ाया पाठ!,मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान में स्कूलों का औचक जायजा—एडीशनल सीईओ अनुराग मोदी ने विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद,पढ़ाई के साथ योग, व्यायाम और खेलकूद पर दिया जोर; मध्यान्ह भोजन चखकर परखी गुणवत्ता
कलयुग की कलम कटनी – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने स्कूलों का रुख किया और विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर शिक्षा व्यवस्था की जमीनी स्थिति को समझा। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश एवं जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के मार्गदर्शन में जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी सहित योजना प्रभारी अधिकारियों ने जनपद पंचायत बड़वारा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खितौली स्थित स्कूलों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने कक्षा में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे बातचीत की। बच्चों से उनकी पढ़ाई में रुचि, होमवर्क, खेलकूद और अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी ली गई। इस दौरान एडीशनल सीईओ अनुराग मोदी ने विद्यार्थियों की कक्षा भी ली और शिक्षक की भूमिका में बच्चों को पढ़ाते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
बच्चों को दिया सफलता का मंत्र
संवाद के दौरान श्री मोदी ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए योग, व्यायाम और खेलकूद को भी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि लक्ष्य प्राप्त करने के लिए मेहनत के साथ समय का बेहतर प्रबंधन भी जरूरी है। समय का सही उपयोग करने वाला विद्यार्थी पढ़ाई के साथ अपनी अन्य गतिविधियों के लिए भी पर्याप्त समय निकाल सकता है।
मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता भी जांची
स्कूल निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता भी परखी। अधिकारियों ने स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता का जायजा लिया और व्यवस्था से संबंधित जानकारी ली।
अभियान का उद्देश्य—व्यवस्था को जमीन पर परखना
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं और सेवाओं की वास्तविक स्थिति जानी जा रही है। स्कूलों में विद्यार्थियों से संवाद भी इसी कड़ी का हिस्सा रहा, जिसमें अधिकारियों ने बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों के साथ स्कूल में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान स्वच्छ भारत मिशन के जिला प्रबंधक कमलेश सैनी, परियोजना अधिकारी ऋषि राज सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



