जन-विश्वास अभियान में प्रशासन जनता के द्वार: खितौली में 151 फरियादें सुनीं, बरही में उद्यमियों से संवाद और करेला में ₹33.50 करोड़ के सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण,कलेक्टर-एसपी ने संभाली शिक्षक की भूमिका, पीएम श्री स्कूल कुआं में बच्चों को पढ़ाया पाठ; सही जवाब पर बांटी मिठाई, अधिकारियों ने चखा मध्याह्न भोजन
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जन-विश्वास अभियान में प्रशासन जनता के द्वार: खितौली में 151 फरियादें सुनीं, बरही में उद्यमियों से संवाद और करेला में ₹33.50 करोड़ के सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण,कलेक्टर-एसपी ने संभाली शिक्षक की भूमिका, पीएम श्री स्कूल कुआं में बच्चों को पढ़ाया पाठ; सही जवाब पर बांटी मिठाई, अधिकारियों ने चखा मध्याह्न भोजन
कलयुग की कलम कटनी – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जिले में प्रशासनिक सक्रियता और जनसरोकार से जुड़े कई कार्यक्रम एक साथ आयोजित किए गए। खितौली में जनसुनवाई के दौरान 151 आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं, बरही में स्थानीय उद्यमियों के साथ संवाद कर स्वरोजगार और उद्योगों को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई, जबकि ग्राम करेला में करीब 33.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का लोकार्पण किया गया। अभियान के दौरान पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल कुआं में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक शिक्षक की भूमिका में नजर आए और विद्यार्थियों को पाठ पढ़ाया। अधिकारियों ने स्कूल की रसोई का निरीक्षण कर स्वयं मध्याह्न भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता भी परखी।
खितौली में 151 लोगों ने रखीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
खितौली के मंगल भवन में आयोजित शिविर में विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक की मौजूदगी में कलेक्टर आशीष तिवारी, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा और वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार ने ग्रामीणों और आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। कुल 151 आवेदकों ने विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच दूरी कम करना तथा लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों का प्राथमिकता और समय-सीमा में निराकरण करने पर जोर दिया।
अभियान के दौरान आधार पंजीयन और आयुष्मान कार्ड से संबंधित शिविर भी लगाए गए। स्वास्थ्य शिविर में 116 लोगों का निःशुल्क परीक्षण किया गया और जरूरत के अनुसार दवाइयां वितरित की गईं। प्रशासन के अनुसार अब प्रत्येक शुक्रवार जिले की अलग-अलग तहसीलों में जनसुनवाई आयोजित कर लोगों की समस्याओं के निराकरण को गति दी जाएगी।
बरही में उद्यमियों से संवाद, युवाओं को स्वरोजगार का संदेश
नगर परिषद बरही के सभाकक्ष में विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, कलेक्टर आशीष तिवारी, एसपी अभिनव विश्वकर्मा और डीएफओ गर्वित गंगवार ने स्थानीय उद्यमियों से संवाद किया। इस दौरान व्यापारियों ने अपने अनुभव, परेशानियां और सुझाव अधिकारियों के सामने रखे।
विधायक ने युवाओं से नौकरी तलाशने के साथ स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवा अपना व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। आईटीआई विद्यार्थियों से तकनीकी शिक्षा का उपयोग रोजगार के साथ अपना उद्योग खड़ा करने में करने की अपील की गई।
उन्होंने बैंक ऋण की समय पर अदायगी को भी महत्वपूर्ण बताया। अधिकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार की स्वरोजगार एवं उद्योग प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
करेला में ₹33.50 करोड़ का सांदीपनि विद्यालय, विधायक ने किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम करेला में करीब 33.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का लोकार्पण विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने किया। कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी, एसपी अभिनव विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, डीएफओ गर्वित गंगवार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।
विधायक ने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करना नहीं, बल्कि बच्चों में संस्कार, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास की भावना पैदा करना भी है। उन्होंने शिक्षकों से पढ़ाई के साथ खेल, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी महत्व देने की बात कही।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए नया उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब अभिभावक स्वयं फोन कर अपने बच्चों का प्रवेश सांदीपनि विद्यालय में कराने की इच्छा व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने की अपील की।
जब कलेक्टर और एसपी बने शिक्षक, बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का सबसे रोचक दृश्य पीएम श्री एकीकृत शासकीय हाई स्कूल कुआं में देखने को मिला। यहां कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने अधिकारियों की भूमिका से अलग हटकर बच्चों के शिक्षक बनकर कक्षाएं लीं।
कलेक्टर ने कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए हिंदी और अंग्रेजी के पाठ पढ़ाए। उन्होंने कक्षा 9वीं में ‘हार की जीत’ कहानी को सरल और संवादात्मक तरीके से समझाया। पाठ के दौरान विद्यार्थियों से सवाल किए गए और सही जवाब देने वाले बच्चों को मिठाई देकर प्रोत्साहित किया गया।
एसपी अभिनव विश्वकर्मा ने कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को अंग्रेजी के अध्याय ‘Two Stories About Flying’ की जानकारी दी। उन्होंने कठिन विषयों को आसान भाषा में समझाते हुए विद्यार्थियों से सवाल-जवाब किए और उन्हें आत्मविश्वास के साथ पढ़ने तथा अपनी बात रखने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों को शिक्षक के रूप में अपने बीच देखकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। कक्षा में पढ़ाई के साथ संवाद और प्रोत्साहन का वातावरण बना रहा। बच्चों को केला और बिस्किट भी वितरित किए गए।
कलेक्टर-एसपी ने खुद चखा मध्याह्न भोजन, जांची गुणवत्ता
पीएम श्री स्कूल कुआं के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर, एसपी, जिला पंचायत सीईओ और डीएफओ स्कूल की रसोई में पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के लिए तैयार चना, आलू की सब्जी, दाल और रोटी स्वयं चखकर भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण किया।
निरीक्षण में भोजन ताजा और गुणवत्तापूर्ण पाया गया। कलेक्टर ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को नियमित रूप से स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता के साथ रसोई और आसपास के क्षेत्र की स्वच्छता पर भी लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को हुए इन कार्यक्रमों में प्रशासन का फोकस एक ओर जहां आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान पर रहा, वहीं दूसरी ओर शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार और जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति को परखने का प्रयास भी दिखाई दिया।



