प्रशासनमध्यप्रदेश

सड़क सुरक्षा का संदेश लेकर न्यायालय पहुंचा विधिक साक्षरता शिविर सुरक्षित सफर का मंत्र: ढीमरखेड़ा न्यायालय में लोगों को बताए गए यातायात के जरूरी नियम, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग पर दिया गया विशेष जोर

कलयुग की कलम से राकेश यादव

सड़क सुरक्षा का संदेश लेकर न्यायालय पहुंचा विधिक साक्षरता शिविर सुरक्षित सफर का मंत्र: ढीमरखेड़ा न्यायालय में लोगों को बताए गए यातायात के जरूरी नियम, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग पर दिया गया विशेष जोर

कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आमजन को कानून के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को व्यवहार न्यायालय ढीमरखेड़ा परिसर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित नागरिकों और पक्षकारों को सुरक्षित यातायात, कानूनी अधिकारों एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री जीतेन्द्र कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में न्यायाधीश सुश्री पूर्वी तिवारी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य भी है। नियमों के प्रति जागरूकता और अनुशासन से बड़ी संख्या में सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

उन्होंने वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, यातायात संकेतों की समझ तथा आवश्यक दस्तावेज साथ रखने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही लोगों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया।

दुर्घटना की स्थिति में कानूनी प्रक्रिया की दी जानकारी

शिविर में सड़क दुर्घटना होने की स्थिति में अपनाई जाने वाली कानूनी प्रक्रिया, पीड़ितों के अधिकार तथा संबंधित दंडात्मक प्रावधानों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। न्यायाधीश ने विशेष रूप से शराब पीकर वाहन न चलाने की सलाह देते हुए कहा कि ऐसी लापरवाही न केवल स्वयं के लिए बल्कि अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है।

32 पक्षकारों ने लिया जागरूकता का संकल्प

कार्यक्रम में कुल 32 महिला एवं पुरुष पक्षकारों ने भाग लिया और यातायात नियमों के पालन का संकल्प लिया। शिविर के दौरान उपस्थित लोगों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की तथा अपने प्रश्नों के समाधान भी प्राप्त किए।

इस अवसर पर न्यायालयीन स्टाफ श्री शिवम उपाध्याय, नायब नाजिर सहित न्यायालय के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button