विश्व योग दिवस पर योगमय हुआ कटनी: हजारों लोगों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प, मंत्री श्री लोधी के साथ अधिकारियों ने किया सामूहिक योग
कलयुग की कलम से राकेश यादव

विश्व योग दिवस पर योगमय हुआ कटनी: हजारों लोगों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प, मंत्री श्री लोधी के साथ अधिकारियों ने किया सामूहिक योग
कलयुग की कलम कटनी -‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर योगमय हुआ कटनी, जिला मुख्यालय से गांवों तक दिखा उत्साह
कटनी। बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले भर में रविवार सुबह योग का उत्साह देखने को मिला। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” के अनुरूप जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों एवं विभिन्न कार्यालयों में सामूहिक योग सत्र आयोजित किए गए। हजारों लोगों ने सहभागिता करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, माधवनगर में आयोजित किया गया, जहां प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी की उपस्थिति में विशेष योग सत्र संपन्न हुआ। इस दौरान कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी संस्थाओं के सदस्य, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।
योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया भारतीय संस्कृति की इस अमूल्य धरोहर को अपना रही है। उन्होंने नागरिकों से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि निरोगी जीवन का आधार है। नियमित योग से शरीर स्वस्थ और मन शांत रहता है, इसलिए हर व्यक्ति को इसे अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
प्रधानमंत्री के संदेश को सुना, किया सामूहिक योगाभ्यास
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना। इसके बाद प्रशिक्षकों के निर्देशन में ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, शवासन सहित विभिन्न योगासनों तथा कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी एवं शीतली प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। अंत में ध्यान, संकल्प और शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधारोपण
योग सत्र के उपरांत मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। अतिथियों को स्मृति स्वरूप गुलमोहर के पौधे भी भेंट किए गए।
जिलेभर में गूंजा योग का संदेश
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिले के स्कूलों, महाविद्यालयों, कार्यालयों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ी। जिलेभर में योग के प्रति उमड़े उत्साह ने यह संदेश दिया कि स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए योग आज की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है।



