आईटीआई ढीमरखेड़ा उमरिया पान को मिलेगी नई पहचान: विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह का निरीक्षण, भवन निर्माण का भरोसा; प्रथम प्रवेश लेकर आरती बनी नए सत्र की पहली प्रशिक्षार्थी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

आईटीआई ढीमरखेड़ा उमरिया पान को मिलेगी नई पहचान: विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह का निरीक्षण, भवन निर्माण का भरोसा; प्रथम प्रवेश लेकर आरती बनी नए सत्र की पहली प्रशिक्षार्थी
कलयुग की कलम उमरिया पान – बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ने बुधवार को शासकीय आईटीआई ढीमरखेड़ा (उमरियापान) का निरीक्षण कर संस्थान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आईटीआई भवन के शीघ्र निर्माण के लिए हरसंभव सहयोग और आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन देते हुए कहा कि क्षेत्र के युवाओं को बेहतर तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही उन्होंने संस्थान के अन्य विकास कार्यों में भी पूरा सहयोग देने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं, संचालित विभिन्न व्यवसायों, उपलब्ध संसाधनों तथा संस्थान की कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। संस्था के प्राचार्य अनिल तिवारी ने उन्हें वर्तमान शैक्षणिक गतिविधियों, प्रवेश प्रक्रिया, उपलब्ध सुविधाओं तथा भविष्य की विकास योजनाओं से अवगत कराया। विधायक ने संस्थान में तकनीकी शिक्षा के विस्तार और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
प्रवेश सत्र 2026-27 के प्रथम चरण के अंतर्गत विधायक ने संस्था में प्रथम प्रवेश लेने वाली प्रशिक्षार्थी आरती को औपचारिक रूप से प्रवेश रसीद प्रदान कर शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ उठाना चाहिए।
विधायक ने विकासखंड स्तर पर आईटीआई की प्रवेश प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों तक तकनीकी शिक्षा की जानकारी पहुँचेगी तो अधिक संख्या में युवा संस्थान से जुड़ेंगे, जिससे उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया, मंडल उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार चौरसिया, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष वैभव चौरसिया, भाजपा जिला महामंत्री दिनेश दुबे, दिनेश असाटी, अखिलेश नामदेव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं संस्था परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संस्था परिवार ने विधायक एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग और मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।



