एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनमध्यप्रदेश

बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान से गूंजा ढीमरखेड़ा कॉलेज! जनजाति गौरव दिवस पर लोकगीत, नृत्य और कविता की शानदार प्रस्तुतियां,बाल संरक्षण सप्ताह में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित, चंद्रमुखी बर्मन ने हासिल किया प्रथम स्थान; विद्यार्थियों को बाल अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति किया जागरूक

कलयुग की कलम से राकेश यादव

बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान से गूंजा ढीमरखेड़ा कॉलेज! जनजाति गौरव दिवस पर लोकगीत, नृत्य और कविता की शानदार प्रस्तुतियां,बाल संरक्षण सप्ताह में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित, चंद्रमुखी बर्मन ने हासिल किया प्रथम स्थान; विद्यार्थियों को बाल अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति किया जागरूक

कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजाति गौरव दिवस के रूप में उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य सुश्री काव्या साहू के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने लोकनृत्य, लोकगीत, कविता पाठ और भाषण के माध्यम से जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं की जीवंत झलक प्रस्तुत की। इसी अवसर पर बाल संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में आकांक्षा पटेल, शिवानी कुम्हार, राधिका कुम्हार, वंशिका चौहान, चांदनी विश्वकर्मा, चंद्रमुखी बर्मन, प्रभु दयाल बर्मन, अंजलि एवं पूनम साहू ने सहभागिता निभाई। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय विरासत, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को सामने रखा गया।

बिरसा मुंडा का जीवन साहस और स्वाभिमान की मिसाल

कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, सामाजिक चेतना और अंग्रेजी शासन के विरुद्ध उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। प्रमुख वक्ता डॉ. श्वेता सिंह बघेल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, स्वाभिमान, सामाजिक जागरूकता और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका संघर्ष और देश के प्रति योगदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

बाल अधिकारों पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

बाल संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत ‘मेरा दिन, मेरा अधिकार, मेरा भविष्य’ थीम पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार नागवंशी के नेतृत्व में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों को बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार, बाल सुरक्षा, बाल श्रम, बाल विवाह और बाल शोषण की रोकथाम सहित बच्चों के संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसमें चंद्रमुखी बर्मन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राधिका कुम्हार एवं सपना साहू संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं।

शिक्षकों और विद्यार्थियों की रही सहभागिता

इस अवसर पर डॉ. मनीषा व्यास, डॉ. सचिन कोस्टा, डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, डॉ. स्मिता परसाई, डॉ. हर्षित द्विवेदी एवं श्री युवराज तिवारी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. अखिलेश कुमार द्विवेदी ने किया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को जनजातीय संस्कृति और गौरवशाली विरासत के सम्मान के साथ बाल अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सामाजिक जागरूकता के संकल्प के साथ आयोजन का समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button