विकास कार्यों में लापरवाही नहीं चलेगी! गांव-गांव पहुंचकर निर्माण की गुणवत्ता परख रहे जनपद सीईओ,उमरियापान और टोला पंचायत में सीसी रोड, नाली, स्टेडियम कक्ष और अटल सेवा केंद्र का किया निरीक्षण; 37.50 लाख के निर्माण कार्य को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

विकास कार्यों में लापरवाही नहीं चलेगी! गांव-गांव पहुंचकर निर्माण की गुणवत्ता परख रहे जनपद सीईओ,उमरियापान और टोला पंचायत में सीसी रोड, नाली, स्टेडियम कक्ष और अटल सेवा केंद्र का किया निरीक्षण; 37.50 लाख के निर्माण कार्य को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश
कलयुग की कलम उमरिया पान – ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की गुणवत्ता और निर्माण की समय-सीमा को लेकर जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने सख्त रुख अपनाया है। उनके निर्देश पर जनपद पंचायतों के अधिकारी लगातार गांवों में पहुंचकर निर्माण कार्यों की हकीकत परख रहे हैं। इसी कड़ी में जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कृष्णकांत पांडेय ने ग्राम पंचायत उमरियापान और टोला का दौरा कर विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
उमरियापान में सड़क, नाली और स्टेडियम के निर्माण की जांच
निरीक्षण के दौरान उमरियापान में मैरिज हॉल से अटल ब्यौहार के घर की ओर 7.34 लाख रुपये की लागत से बन रही सीसी सड़क का जायजा लिया गया। वहीं राम सिंह के घर से अटल ब्यौहार के घर तक 4.56 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन सीसी सड़क एवं नाली का भी निरीक्षण किया गया। इसके अलावा अंधेली बाग स्टेडियम में दर्शकों और अन्य लोगों की बैठने की सुविधा के लिए 20 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे कक्ष की निर्माण प्रगति देखी गई।

सीईओ कृष्णकांत पांडेय ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
टोला में 37.50 लाख के अटल सेवा केंद्र का लिया जायजा
इसके बाद ग्राम पंचायत टोला में 37.50 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन नवीन अटल सेवा केंद्र का निरीक्षण किया गया। यहां निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए गए।
पंचायत के रिकॉर्ड दुरुस्त रखने पर भी जोर
मैदानी निरीक्षण के दौरान उमरियापान और टोला ग्राम पंचायत कार्यालयों का भी अवलोकन किया गया। सीईओ ने पंचायतों के विभिन्न अभिलेखों एवं दस्तावेजों की स्थिति देखी और सभी रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने, समय-समय पर अद्यतन करने तथा कार्यालयीन व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देश पर हो रहे इन निरीक्षणों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखना, निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचाना है। अधिकारियों के गांवों तक पहुंचने से निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में प्रशासनिक सक्रियता दिखाई दे रही है।



