लापरवाही पर कलेक्टर सख्त! अस्पताल से तहसील और खाद केंद्र तक पहुंचे आशीष तिवारी, पांच पटवारियों को दी कार्रवाई की चेतावनी,349.37 लाख के स्टेडियम निर्माण में गुणवत्ता और तेजी लाने के निर्देश, अस्पताल में गर्भवती महिलाओं की जांच व कुपोषित बच्चों के उपचार पर दिया जोर; धान खरीदी से पहले भंडारण व्यवस्था दुरुस्त करने की हिदायत
कलयुग की कलम से राकेश यादव

लापरवाही पर कलेक्टर सख्त! अस्पताल से तहसील और खाद केंद्र तक पहुंचे आशीष तिवारी, पांच पटवारियों को दी कार्रवाई की चेतावनी,349.37 लाख के स्टेडियम निर्माण में गुणवत्ता और तेजी लाने के निर्देश, अस्पताल में गर्भवती महिलाओं की जांच व कुपोषित बच्चों के उपचार पर दिया जोर; धान खरीदी से पहले भंडारण व्यवस्था दुरुस्त करने की हिदायत
कलयुग की कलम कटनी – सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और आम नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं की जमीनी हकीकत जानने गुरुवार को कलेक्टर आशीष तिवारी ने बहोरीबंद क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तहसील कार्यालय, डबल लॉक उर्वरक वितरण केंद्र, ओपन कैप और निर्माणाधीन स्टेडियम का जायजा लेकर अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार तथा लंबित कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। स्वामित्व योजना में धीमी प्रगति पर पांच पटवारियों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की परखी हकीकत
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओपीडी, पैथोलॉजी लैब, एएनसी जांच कक्ष, मेटरनिटी विंग, लेबर रूम, फार्मेसी और पोषण पुनर्वास केंद्र की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के लिए पर्याप्त बैठक व्यवस्था, नियमित स्वास्थ्य जांच और सभी परीक्षणों की अनमोल पोर्टल पर अनिवार्य प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने तथा कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कर समुचित उपचार और निगरानी के निर्देश दिए।
एनआरसी में भर्ती चरगवां निवासी निधि काछी से चर्चा के दौरान जानकारी मिली कि उनके कुपोषित जुड़वा बच्चे उसी दिन केंद्र में भर्ती हुए हैं। कलेक्टर ने ओपीडी में मरीजों से भी उपचार संबंधी फीडबैक लिया।
पांच पटवारियों को काम में सुधारने की चेतावनी
स्वामित्व योजना की समीक्षा में भू-अधिकार अभिलेख पंजीयन की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने हल्का सिहुड़ी के अनिल कोल, देवरी के अनिल गोटिया, मोहतरा के अजय सिंह परस्ते, बाकल के राजेश सिंह गोंड और पटीराजा के राहुल सिंह कश्यप को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
तहसील कार्यालय में सीमांकन, बंटवारा, फर्द नामांतरण, लंबित राजस्व प्रकरणों और रिकॉर्ड सुधार की समीक्षा करते हुए समयबद्ध निराकरण तथा पटवारीवार कार्य रजिस्टर तैयार करने के निर्देश भी दिए।
3.49 करोड़ से बन रहा आधुनिक स्टेडियम
बहोरीबंद में 14 एकड़ क्षेत्र में 349.37 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने गुणवत्ता के साथ काम में तेजी लाने को कहा। यहां पवेलियन, बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस के लिए इंडोर स्टेडियम, रनिंग ट्रैक, बास्केटबॉल कोर्ट, क्रिकेट नेट प्रैक्टिस पिच, दुकानें और डॉरमेटरी का निर्माण प्रस्तावित है। उन्होंने खेल मैदान का उचित समतलीकरण कराने के निर्देश दिए।
खाद वितरण और धान भंडारण की तैयारियां परखी
डबल लॉक उर्वरक केंद्र में कलेक्टर ने खाद के स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। किसानों से ई-विकास वितरण प्रणाली के अनुभव भी जाने। चांदनखेड़ा के किसान रंगेश यादव ने बताया कि इस व्यवस्था से खाद वितरण में भीड़ कम हुई है और किसानों को सुविधा मिल रही है।
वहीं 60 हजार मीट्रिक टन क्षमता वाले बहोरीबंद ओपन कैप में वर्तमान में 7,800 मीट्रिक टन धान भंडारित होने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने आगामी धान खरीदी से पहले आवश्यक मरम्मत, कच्चे कैप को पक्का कराने, गोदाम खाली कराने और भंडारित धान का शत-प्रतिशत उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मिलर्स से चर्चा कर मिलिंग कार्य में तेजी लाने को भी कहा, ताकि नई उपज के भंडारण में परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्लोक वाइकर, तहसीलदार आशीष अग्रवाल, नायब तहसीलदार माधव सिंह मोंगरे, बीएमओ डॉ. अनुराग शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



