बिजली विभाग का छापा, लाखों की बकाया राशि पर कनेक्शन काटे,49 अस्थायी कनेक्शनों की जांच, 3.42 लाख के बकायादारों के काटे कनेक्शन; अधीक्षण अभियंता डीके चौकीकर एवं कार्यपालन अभियंता शैलजा चौहान के मार्गदर्शन में चला अभियान
कलयुग की कलम से राकेश यादव

बिजली विभाग का छापा, लाखों की बकाया राशि पर कनेक्शन काटे,49 अस्थायी कनेक्शनों की जांच, 3.42 लाख के बकायादारों के काटे कनेक्शन; अधीक्षण अभियंता डीके चौकीकर एवं कार्यपालन अभियंता शैलजा चौहान के मार्गदर्शन में चला अभियान
कलयुग की कलम उ.पान/ढीमरखेड़ा – बिजली बिलों की बकाया वसूली और विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने के लिए बिजली विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए सिलौड़ी वितरण केंद्र के अंतर्गत व्यापक जांच अभियान चलाया। चार विशेष टीमों ने विभिन्न गांवों में दबिश देकर अस्थायी कृषि पंप कनेक्शनों, विद्युत चोरी और बकाया बिलों की जांच की। अभियान के दौरान 49 अस्थायी कनेक्शनों की जांच की गई, जिसमें 17 उपभोक्ताओं के कनेक्शन अवैध पाए गए। इनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई, वहीं विद्युत चोरी के 26 प्रकरण दर्ज किए गए।
कई गांवों में काटे गए बिजली कनेक्शन
जांच अभियान के दौरान कछारगांव, हल्का, बोदा, सिलौंडी, नेगई, तिलमन, मारसिंहुडी, दशरमन और गोपालपुर सहित विभिन्न गांवों में कार्रवाई की गई। जिन उपभोक्ताओं पर लंबे समय से बिजली बिल बकाया था और जिन्हें पूर्व में नोटिस जारी किए जा चुके थे, उनके कनेक्शन विच्छेदित किए गए। विभाग ने 3 लाख 42 हजार रुपये बकाया वाले विद्युत कनेक्शनों को अस्थायी रूप से काटने की कार्रवाई भी की।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अभियान
यह चेकिंग एवं वसूली अभियान कटनी वृत्त के अधीक्षण अभियंता श्री डीके चौकीकर तथा दक्षिण संभाग की कार्यपालन अभियंता श्रीमती शैलजा चौहान के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। कार्रवाई में ढीमरखेड़ा उपसंभाग के सहायक अभियंता श्री स्वामी यादव, सिलौड़ी वितरण केंद्र प्रभारी मजहर अली, पान उमरिया वितरण केंद्र प्रभारी सौरभ दुबे, संभागीय कार्यालय से गिरिराज पाण्डेय सहित विभागीय कर्मचारी शामिल रहे।
बकाया बिल जमा करने की अपील
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने लंबित बिजली बिलों का शीघ्र भुगतान करें और वैध विद्युत कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें। नियमों का उल्लंघन करने और बिजली चोरी करने वालों के विरुद्ध आगे भी जांच एवं वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।



