शराब और नशे की लत उजाड़ सकती है परिवार! ढीमरखेड़ा न्यायालय में लगा विधिक जागरूकता शिविर, नशे के दुष्परिणामों से कराया रूबरू,न्यायाधीश पूर्वी तिवारी ने पक्षकारों को दी नशा मुक्ति की जानकारी, शराब पीकर वाहन चलाने पर धारा 185 के कानूनी प्रावधानों के प्रति किया जागरूक
कलयुग की कलम से राकेश यादव

शराब और नशे की लत उजाड़ सकती है परिवार! ढीमरखेड़ा न्यायालय में लगा विधिक जागरूकता शिविर, नशे के दुष्परिणामों से कराया रूबरू,न्यायाधीश पूर्वी तिवारी ने पक्षकारों को दी नशा मुक्ति की जानकारी, शराब पीकर वाहन चलाने पर धारा 185 के कानूनी प्रावधानों के प्रति किया जागरूक
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि पूरे परिवार की खुशियां और आर्थिक स्थिति भी प्रभावित करती है। इसी संदेश के साथ सोमवार, 17 नवंबर 2026 को व्यवहार न्यायालय ढीमरखेड़ा के प्रांगण में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के पालन में आयोजित इस शिविर का संचालन माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जितेन्द्र कुमार शर्मा के निर्देशन तथा तहसील विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष एवं न्यायाधीश पूर्वी तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया।
शिविर में उपस्थित पक्षकारों को नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। न्यायाधीश ने शराब एवं अन्य हानिकारक मादक पदार्थों के सेवन से परिवार की गृहस्थी पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को समझाते हुए बताया कि नशे की आदत व्यक्ति के साथ-साथ उसके पूरे परिवार का भविष्य प्रभावित कर सकती है।
इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने से संबंधित मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। पक्षकारों को बताया गया कि नशे की हालत में वाहन चलाना स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है और इसके लिए कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।
शिविर के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने, अपने परिवार को सुरक्षित रखने और समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की गई।



