स्कूलों की बदलेगी तस्वीर, शिक्षा व्यवस्था पर जिला पंचायत की सख्ती! साइकिल वितरण में जनप्रतिनिधियों की रहेगी मौजूदगी, लापरवाही पर होगी निगरानी,जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर ने विकासखंडवार योजनाओं की समीक्षा कर दिए सुधार के निर्देश, नामांकन, अपार आईडी, गणवेश वितरण और निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर जोर; ढीमरखेड़ा के बेहतर कार्यों की हुई सराहना
कलयुग की कलम से राकेश यादव

स्कूलों की बदलेगी तस्वीर, शिक्षा व्यवस्था पर जिला पंचायत की सख्ती! साइकिल वितरण में जनप्रतिनिधियों की रहेगी मौजूदगी, लापरवाही पर होगी निगरानी,जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर ने विकासखंडवार योजनाओं की समीक्षा कर दिए सुधार के निर्देश, नामांकन, अपार आईडी, गणवेश वितरण और निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर जोर; ढीमरखेड़ा के बेहतर कार्यों की हुई सराहना
कलयुग की कलम कटनी – जिले के सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के लिए जिला पंचायत ने शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा तेज कर दी है। मंगलवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विद्यार्थियों के नामांकन से लेकर साइकिल एवं गणवेश वितरण, अपार आईडी, यू-डाइस और स्कूलों में चल रहे निर्माण कार्यों की विकासखंडवार समीक्षा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के साथ विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण बेहतर बनाने के लिए लगातार सुधार कार्य किए जाएं।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा तथा जिला पंचायत सीईओ सुश्री हर सिमरनप्रीत कौर की मौजूदगी में आयोजित बैठक में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की प्रगति का जायजा लिया गया।
साइकिल वितरण में जनप्रतिनिधियों को भी बुलाएं
शिक्षा समिति के अध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को साइकिल वितरण के कार्यक्रम केवल औपचारिकता तक सीमित न रहें। इन आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति और सहभागिता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराई जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचाने के साथ जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी बनी रहे।
स्कूलों में सुधार से बेहतर होगी पढ़ाई की गुणवत्ता
जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने के लिए विद्यालयों में लगातार सुधार की आवश्यकता है। स्कूलों में जरूरी मरम्मत, सुविधाओं का विस्तार और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में अच्छा वातावरण तैयार होने से पढ़ने और पढ़ाने, दोनों की गुणवत्ता में सुधार आता है।
नामांकन, अपार आईडी और यू-डाइस की समीक्षा
बैठक में जिले के सभी विकासखंडों में छात्र-छात्राओं के नामांकन की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही यू-डाइस, यू-डाइस इनकंसिस्टेंसी, अपार आईडी और एमबीयू से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए गंभीरता से प्रयास करें।
साइकिल-गणवेश वितरण और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
विद्यार्थियों को साइकिल एवं गणवेश वितरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए सीईओ ने कहा कि पात्र विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए। वहीं, विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता के अनुरूप पूरा कराने के निर्देश दिए। जिन विकासखंडों में कार्यों की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वहां विशेष निगरानी रखते हुए तेजी से काम कराने को कहा गया।
इस दौरान विकासखंड ढीमरखेड़ा के विकासखंड शिक्षा समन्वयक द्वारा किए जा रहे बेहतर कार्यों की सीईओ ने सराहना की। उन्होंने अन्य विकासखंडों के अधिकारियों को भी इसी कार्यशैली के साथ काम करते हुए योजनाओं की प्रगति सुधारने के निर्देश दिए।
जिला स्तरीय समिति के सदस्यों का सम्मान
बैठक के दौरान जिला पंचायत शिक्षा समिति के सभापति अशोक विश्वकर्मा ने सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर की उपस्थिति में जिला स्तरीय नियुक्ति, अनुदान एवं निर्माण समिति के नामांकित अशासकीय सदस्यों का शाल, श्रीफल और डायरी भेंट कर सम्मान किया।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिक्षा विभाग की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय से काम करें और नियमित मॉनिटरिंग के जरिए कमियों को दूर करें।
इस अवसर पर जिला स्तरीय समितियों के अशासकीय सदस्य, जिला शिक्षा परियोजना समन्वयक प्रेम नारायण तिवारी, सहायक परियोजना समन्वयक, सहायक यंत्री, बीआरसी सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



