किसानों के लिए राहत की खबर! कटनी पहुंची यूरिया की एक और बड़ी खेप, झुकेही में उतारी जा रही 590 मीट्रिक टन खाद,बहोरीबंद, बरही, उमरियापान, ढीमरखेड़ा सहित जिले के विभिन्न केंद्रों को मिलेगा यूरिया का आवंटन, कलेक्टर आशीष तिवारी ने ई-टोकन के माध्यम से ही खाद वितरण कराने के दिए निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

किसानों के लिए राहत की खबर! कटनी पहुंची यूरिया की एक और बड़ी खेप, झुकेही में उतारी जा रही 590 मीट्रिक टन खाद,बहोरीबंद, बरही, उमरियापान, ढीमरखेड़ा सहित जिले के विभिन्न केंद्रों को मिलेगा यूरिया का आवंटन, कलेक्टर आशीष तिवारी ने ई-टोकन के माध्यम से ही खाद वितरण कराने के दिए निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – जिले में यूरिया की उपलब्धता बढ़ाने और किसानों को खाद के लिए परेशानियों से बचाने के उद्देश्य से एक और बड़ी खेप कटनी पहुंच गई है। रविवार को झुकेही रैक प्वाइंट पर नीम कोटेड यूरिया की रैक पहुंची, जिससे जिले को 590 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध होगी। रैक प्वाइंट पर खाद उतारने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इससे जिले के विभिन्न क्षेत्रों के किसानों को उनकी जरूरत के मुताबिक खाद उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा जिले में उर्वरकों की उपलब्धता बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि खाद का वितरण निर्धारित व्यवस्था के तहत ई-टोकन के माध्यम से ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को व्यवस्थित तरीके से खाद मिल सके और वितरण में पारदर्शिता बनी रहे।
इन केंद्रों को मिलेगा यूरिया का आवंटन
जिला विपणन अधिकारी आनंद नारायण पांडेय के अनुसार बहोरीबंद, स्लीमनाबाद और बरही डबल लॉक केंद्रों को 50-50 मीट्रिक टन यूरिया आवंटित की जाएगी। वहीं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कटनी को 200 मीट्रिक टन खाद मिलेगी।
इसके अलावा सीएमएस कटनी, सीएमएस उमरियापान-ढीमरखेड़ा, सीएमएस रीठी, सीएमएस बड़वारा, सीएमएस बाकल, सीएमएस स्लीमनाबाद और सीएमएस ढीमरखेड़ा को 30-30 मीट्रिक टन यूरिया आवंटित की जाएगी। एमपी एग्रो कटनी को भी 30 मीट्रिक टन खाद दी जाएगी। इस आवंटन से जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में यूरिया की उपलब्धता बढ़ेगी।
व्हाट्सएप से भी बनवा सकेंगे खाद का ई-टोकन
किसानों की सुविधा के लिए ई-विकास 2.0 व्यवस्था के तहत व्हाट्सएप बॉट के माध्यम से ई-टोकन जनरेट करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। किसान व्हाट्सएप पर ‘HELP’ या ‘मदद’ लिखकर टोकन, रिटेलर, उर्वरक, खाद उठाव की तारीख और टोकन की वैधता सहित जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किसान अपना टोकन प्राप्त कर खाद खरीद सकेंगे।
संतुलित मात्रा में करें उर्वरकों का उपयोग
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे मिट्टी की सेहत और फसलों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए ही उर्वरकों का इस्तेमाल करें। आवश्यकता से अधिक खाद डालने से खेती की लागत बढ़ने के साथ भूमि की उर्वरक क्षमता पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। विभाग ने किसानों से संतुलित मात्रा में खाद का उपयोग करने की अपील की है।



