प्रशासनमध्यप्रदेश

उमरियापान की घटना बनी पूरे गिरोह तक पहुंचने की कड़ी,कटनी पुलिस की ऐतिहासिक कामयाबी: 3 राज्यों में दहशत फैलाने वाले अंतरराज्यीय उठाईगीर गिरोह का पर्दाफाश,40 लाख से अधिक की 26 सनसनीखेज वारदातों का खुलासा, दो मास्टरमाइंड गिरफ्तार; तीन राज्यों के 15 से अधिक जिलों में फैला था अपराध का नेटवर्क

कलयुग की कलम से राकेश यादव

उमरियापान की घटना बनी पूरे गिरोह तक पहुंचने की कड़ी,कटनी पुलिस की ऐतिहासिक कामयाबी: 3 राज्यों में दहशत फैलाने वाले अंतरराज्यीय उठाईगीर गिरोह का पर्दाफाश,40 लाख से अधिक की 26 सनसनीखेज वारदातों का खुलासा, दो मास्टरमाइंड गिरफ्तार; तीन राज्यों के 15 से अधिक जिलों में फैला था अपराध का नेटवर्क

कलयुग की कलम उमरिया पान – कटनी पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों, विशेषकर बैंकों के बाहर होने वाली झपटमारी और उठाईगीरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कई जिलों में लगातार वारदातों को अंजाम देकर लोगों में दहशत फैला रखी थी। पुलिस ने गिरोह के दो प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार कर 40 लाख रुपये से अधिक की लगभग 26 वारदातों का खुलासा किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीओपी अकांक्षा चतुर्वेदी, सीएसपी नेहा पच्चीसिया एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में गठित संयुक्त पुलिस टीम द्वारा की गई।

उमरियापान की घटना बनी पूरे गिरोह तक पहुंचने की कड़ी

पूरे मामले की शुरुआत 19 मई 2026 को थाना उमरियापान क्षेत्र स्थित जिला सहकारी बैंक से हुई, जहां दिनदहाड़े एक सेल्समैन का नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग चोरी हो गया था। घटना को गंभीरता से लेते हुए उमरिया पान थानाप्रभारी महेंद्र जायसवाल ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। लगातार तकनीकी जांच, साइबर विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आखिरकार गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों तक पहुंचने में सफल रही।

दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में—सुमित सिसोदिया उर्फ बंदर (30 वर्ष), निवासी भोलगढ़, जिला अनूपपुर,संजय सिसोदिया (38 वर्ष), निवासी भोलगढ़, जिला अनूपपुर शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने कई राज्यों में की गई वारदातों का खुलासा किया।

बैंकों के बाहर बनाते थे लोगों को निशाना

पूछताछ में सामने आया कि गिरोह पूरी तरह पेशेवर तरीके से अपराध करता था। एक सदस्य बैंक के अंदर जाकर बड़ी रकम निकालने वाले ग्राहकों पर नजर रखता, जबकि अन्य साथी बाहर मोटरसाइकिल पर तैयार रहते। ग्राहक जैसे ही बैंक से निकलता, उसका पीछा किया जाता और मौका मिलते ही बैग छीन लिया जाता। यदि नकदी वाहन की डिग्गी में रखी जाती तो कुछ ही सेकंड में लॉक या शीशा तोड़कर रुपये पार कर दिए जाते।

तीन राज्यों में फैला था अपराध का जाल

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के 15 से अधिक जिलों में करीब 26 वारदातों को अंजाम दिया। इनमें कटनी, सतना, जबलपुर, नरसिंहपुर, डिंडोरी, उमरिया, शहडोल, देवास, पन्ना, खंडवा, होशंगाबाद, इटारसी, जशपुर, कोरबा, मनेन्द्रगढ़, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही तथा ओडिशा के संभलपुर सहित कई क्षेत्रों की घटनाएं शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य फरार साथियों के साथ मिलकर लगभग 40 लाख रुपये से अधिक की चोरी और उठाईगीरी की वारदातें करना स्वीकार किया।

50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश एवं अन्य राज्यों के विभिन्न थानों में 50 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। कई मामलों में स्थायी वारंट भी लंबित हैं। आरोपी संजय सिसोदिया वर्षों से एक पुराने प्रकरण में फरार चल रहा था।

वाहन और नकदी जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की बची हुई नकदी तथा वारदात में प्रयुक्त काले रंग की यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत लगभग 72 हजार रुपये बताई गई है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा संबंधित राज्यों और जिलों की पुलिस को भी आवश्यक जानकारी भेजी गई है।

संयुक्त पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस जटिल और चुनौतीपूर्ण कार्रवाई में थाना माधवनगर, उमरियापान, एनकेजे, रंगनाथ नगर, साइबर सेल तथा सीसीटीवी विश्लेषण टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है और उनसे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच जारी है।

कटनी पुलिस की यह कार्रवाई अंतरराज्यीय अपराध पर प्रभावी प्रहार मानी जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस सफलता से न केवल कई पुराने मामलों का खुलासा हुआ है, बल्कि बैंकों और सार्वजनिक स्थानों पर सक्रिय उठाईगीर गिरोहों के विरुद्ध भी एक सशक्त संदेश गया है।

Related Articles

Back to top button