जिला नहीं बना तो नेशनल हाईवे पर उतरेगा जनसैलाब! सिहोरा आंदोलन समिति का आर-पार की लड़ाई का ऐलान,26 दिसंबर को 2 हजार से अधिक मशालों के साथ निकलेगा विशाल जुलूस, सरकार को फिर दी चेतावनी; जनप्रतिनिधियों से समर्थन पत्र या स्पष्ट जवाब मांगने का फैसला
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जिला नहीं बना तो नेशनल हाईवे पर उतरेगा जनसैलाब! सिहोरा आंदोलन समिति का आर-पार की लड़ाई का ऐलान,26 दिसंबर को 2 हजार से अधिक मशालों के साथ निकलेगा विशाल जुलूस, सरकार को फिर दी चेतावनी; जनप्रतिनिधियों से समर्थन पत्र या स्पष्ट जवाब मांगने का फैसला
सिहोरा। सिहोरा को जिला बनाने की वर्षों पुरानी मांग अब एक बार फिर निर्णायक मोड़ पर पहुंचती नजर आ रही है। जिला गठन को लेकर लंबे समय से चल रहे आंदोलन को नई धार देने के लिए लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति ने आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है। 18 नवंबर 2026 को आयोजित समिति की महत्वपूर्ण बैठक में पांच बड़े निर्णय लिए गए। इनमें जनप्रतिनिधियों से जिला निर्माण के समर्थन में लिखित पत्र लेने, सोशल मीडिया पर जनजागरण अभियान चलाने, समाजवार समितियां गठित करने और 26 दिसंबर को 2 हजार से अधिक मशालों के साथ विशाल जुलूस निकालने का निर्णय शामिल है। समिति ने दो टूक कहा है कि यदि सरकार ने जिला बनाने पर ठोस निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को नेशनल हाईवे जाम करने तक ले जाया जाएगा।
अब जनप्रतिनिधियों से लिखित समर्थन या स्पष्ट जवाब चाहिए
बैठक में निर्णय लिया गया कि सिहोरा विधायक और जबलपुर सांसद से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा मध्यप्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग के नाम सिहोरा को जिला बनाने के समर्थन में पत्र प्राप्त किए जाएंगे। समिति ने स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। जनप्रतिनिधियों को या तो तत्काल समर्थन पत्र देना होगा अथवा अपनी असहमति स्पष्ट करनी होगी। समिति के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सिहोरा विधायक पिछले तीन वर्षों से समर्थन पत्र लिखने का आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हुई है।
‘मुख्यमंत्री जी, सिहोरा मध्यप्रदेश में है’ अभियान से सरकार को घेरेगी समिति
सिहोरा को जिला बनाने की मांग को प्रदेशव्यापी पहचान दिलाने के लिए सोशल मीडिया पर विशेष जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। ‘मुख्यमंत्री जी, सिहोरा मध्यप्रदेश में है’ शीर्षक से अभियान संचालित कर सरकार का ध्यान इस लंबित मांग की ओर आकर्षित किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे सिहोरा क्षेत्र में पोस्टर लगाए जाएंगे, ताकि जिला गठन की मांग को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
हर समाज और वर्ग से बनेगी जिला सिहोरा समिति
आंदोलन को किसी एक संगठन तक सीमित रखने के बजाय व्यापक जनआंदोलन का रूप देने की रणनीति बनाई गई है। इसके लिए सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों को जोड़कर अलग-अलग जिला सिहोरा समितियों का गठन किया जाएगा। प्रत्येक समिति में 10 से 20 सदस्य शामिल होंगे। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना और आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाना है।
एक साल पुराने आश्वासन की याद दिलाएंगी 2 हजार मशालें
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय 26 दिसंबर 2026 को लेकर लिया गया। समिति ने इस दिन 2 हजार से अधिक मशालों के साथ विशाल मशाल जुलूस निकालने का ऐलान किया है। उल्लेखनीय है कि 26 दिसंबर 2025 को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात और चर्चा के बाद सिहोरा जिला आंदोलन स्थगित किया गया था। अब उस मुलाकात को एक वर्ष पूरा होने पर समिति मशाल जुलूस के माध्यम से सरकार को दिए गए आश्वासन और जिला गठन की मांग की याद दिलाएगी। समिति का कहना है कि एक वर्ष बीत जाने के बाद भी यदि कोई ठोस निर्णय नहीं होता है तो जनता के बीच नए संकल्प के साथ आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
जिला नहीं तो नेशनल हाईवे जाम, आंदोलन होगा और तेज
समिति ने स्पष्ट किया कि सिहोरा को जिला बनाने की मांग पर अब पीछे हटने का सवाल नहीं है। यदि सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता है तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। इसके तहत नेशनल हाईवे जाम करने सहित आर-पार के संघर्ष की रणनीति अपनाई जाएगी। समिति का कहना है कि सिहोरा की जनता वर्षों से जिला गठन की मांग कर रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। इसलिए अब निर्णायक संघर्ष का समय आ गया है।
बैठक में बड़ी संख्या में सिहोरावासियों ने लिया संकल्प
बैठक में समिति के अनिल जैन, विकास दुबे, कृष्ण कुमार कुररिया, संतोष पांडे, संजय पाठक, संतोष वर्मा, राजभान मिश्रा, अजय सोनी, डब्बू पाठक, शिशिर पांडे, आलोक पांडे, अभिषेक जैन, रामनरेश यादव, रमेश पटेल, शमशेर खान, उमेश चौबे, राजकिशोर तिवारी, जितेंद्र श्रीवास, नीतेश खरया, मानस तिवारी, अमित बक्शी, अर्पित वर्मा, शुभम दहायत, आशीष तिवारी, राकेश पाठक, दिनेश विश्वकर्मा, सूर्यदेव मिश्रा, नीरज शर्मा, उमंग ढीमरा और केदार परौहा सहित बड़ी संख्या में सिहोरावासी उपस्थित रहे। सभी ने सिहोरा को जिला बनाने की मांग को लेकर एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।



