20 लाख की मुस्कान लौटाने वाली कटनी पुलिस: ‘सेफ क्लिक 2.0’ में 110 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों को सौंपे; साइबर सेल की बड़ी सफलता
कलयुग की कलम से राकेश यादव

20 लाख की मुस्कान लौटाने वाली कटनी पुलिस: ‘सेफ क्लिक 2.0’ में 110 गुम मोबाइल बरामद, मालिकों को सौंपे; साइबर सेल की बड़ी सफलता
कलयुग की कलम कटनी – साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के समापन पर कटनी पुलिस ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 110 गुम मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने में सफलता प्राप्त की है। जिला साइबर सेल द्वारा भारत सरकार के CEIR पोर्टल की सहायता से देश और प्रदेश के विभिन्न स्थानों से इन मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया गया। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक ने मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। इस अवसर पर लोगों ने कटनी पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए अधिकांश मोबाइल साप्ताहिक बाजारों, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों अथवा यात्रा के दौरान लापरवाहीवश गुम हो गए थे। शिकायतकर्ताओं द्वारा साइबर सेल एवं CEIR पोर्टल पर समय पर जानकारी दर्ज कराए जाने के कारण मोबाइलों को ट्रेस करने में सहायता मिली।
यह सफलता पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में जिला साइबर सेल की सतत कार्रवाई का परिणाम है। टीम ने विभिन्न जिलों की साइबर इकाइयों और स्थानीय थानों के समन्वय से तकनीकी जांच करते हुए मोबाइलों का पता लगाया और उन्हें सुरक्षित बरामद किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर IMEI नंबर ब्लॉक कराएं। इससे मोबाइल के दुरुपयोग की संभावना कम होती है और उसे ट्रेस करने की प्रक्रिया भी तेज हो जाती है।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन शिकायत प्रणाली से लोगों को घर बैठे आवेदन करने और शिकायत की स्थिति जानने की सुविधा मिलती है। इससे समय की बचत होती है, पारदर्शिता बढ़ती है और पुलिस एवं नागरिकों के बीच विश्वास भी मजबूत होता है। कटनी पुलिस ने नागरिकों से साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की भी अपील की।



