अब हुनर से संवरेगा युवाओं का भविष्य! ढीमरखेड़ा कॉलेज में इलेक्ट्रीशियन और ब्यूटीशियन का निःशुल्क प्रशिक्षण शुरू,30 दिवसीय प्रशिक्षण से युवाओं को मिलेगा रोजगार और स्वरोजगार का अवसर, 19 नवंबर से 19 दिसंबर तक चलेगा कार्यक्रम; अतिथियों ने कहा- आत्मनिर्भर बनने की दिशा में साबित होगा महत्वपूर्ण कदम
कलयुग की कलम से राकेश यादव

अब हुनर से संवरेगा युवाओं का भविष्य! ढीमरखेड़ा कॉलेज में इलेक्ट्रीशियन और ब्यूटीशियन का निःशुल्क प्रशिक्षण शुरू,30 दिवसीय प्रशिक्षण से युवाओं को मिलेगा रोजगार और स्वरोजगार का अवसर, 19 नवंबर से 19 दिसंबर तक चलेगा कार्यक्रम; अतिथियों ने कहा- आत्मनिर्भर बनने की दिशा में साबित होगा महत्वपूर्ण कदम,
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगारपरक कौशल से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा ने सराहनीय पहल की है। महाविद्यालय के स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना प्रकोष्ठ के अंतर्गत इलेक्ट्रीशियन एवं ब्यूटीशियन विषयों पर एक माह के निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का 19 नवंबर को शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण 19 दिसंबर 2026 तक संचालित होगा।
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन जबलपुर की सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. अरुण शुक्ला उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में शासकीय महाविद्यालय बरेला के डॉ. हेमंत तनकप्पन, शासकीय महाविद्यालय उमरियापान की डॉ. दीपिका जैन, शासकीय आईटीआई के प्राचार्य श्री संत सिंह एवं सुश्री रूबी शर्मा शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. हर्षित द्विवेदी द्वारा स्वरचित पुस्तक का विमोचन भी किया गया। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
कौशल प्रशिक्षण से खुलेंगे रोजगार के रास्ते
मुख्य अतिथि डॉ. अरुण शुक्ला ने प्रशिक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 30 दिवसीय यह प्रशिक्षण युवाओं के लिए उपयोगी साबित होगा। इलेक्ट्रीशियन और ब्यूटीशियन जैसे रोजगारपरक विषयों में दक्षता हासिल कर युवा भविष्य में स्वरोजगार के साथ रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त कर सकेंगे।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. आकृति ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के भविष्य के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल प्राप्त करना वर्तमान समय की आवश्यकता है, जिससे युवा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
महाविद्यालय परिवार की रही सहभागिता
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. श्वेता सिंह बघेल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. मनीषा व्यास द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के सुश्री काव्या साहू, डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, डॉ. सचिन कोस्टा, डॉ. स्मिता परसाई, डॉ. राजाराम सिंह, श्री युवराज तिवारी, श्री अनिल तिवारी, इलेक्ट्रीशियन श्री आलोक त्रिपाठी, ब्यूटीशियन सुश्री राशि त्रिपाठी, श्री मनीष, श्री राजीव एवं श्री जितेंद्र सहित समस्त स्टाफ का योगदान रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रशिक्षणार्थी भी उपस्थित रहे।



