सागौन की अवैध चिरान पर वन विभाग का शिकंजा,कछारगांव में बढ़ई के घर से 41 नग सागौन चिरान जब्त, करीब 20 हजार रुपये की वनोपज बरामद
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सागौन की अवैध चिरान पर वन विभाग का शिकंजा,कछारगांव में बढ़ई के घर से 41 नग सागौन चिरान जब्त, करीब 20 हजार रुपये की वनोपज बरामद
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – वन संपदा के अवैध दोहन और बिना वैध दस्तावेजों के वनोपज के उपयोग के खिलाफ वन विभाग ढीमरखेड़ा द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। वनमंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार एवं उपवनमंडलाधिकारी कटनी पश्चिम श्री कार्तिकेय भट्ट के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी ढीमरखेड़ा श्री सचिन नामदेव के निर्देशन में वन अमले ने ग्राम कछारगांव (बड़ा) में दबिश देकर अवैध रूप से रखी गई सागौन चिरान जब्त की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उपवनमंडलाधिकारी से जारी सर्च वारंट क्रमांक 4/13 दिनांक 17 अगस्त 2026 के आधार पर वन अमले ने ग्राम कछारगांव (बड़ा) निवासी राकेश पिता राममिलन बढ़ई के घर की विधि अनुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान मौके पर बढ़ईगिरी एवं फर्नीचर निर्माण का कार्य संचालित पाया गया।
जांच के दौरान घर से राष्ट्रीयकृत वनोपज सागौन की 41 नग चिरान, जिसकी कुल मात्रा 0.232 घनमीटर पाई गई, बरामद की गई। वन विभाग के अनुसार उक्त वनोपज के संबंध में संबंधित व्यक्ति द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। विभाग ने बरामद सागौन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 20 हजार रुपये आंकी है।
कार्रवाई के दौरान बढ़ईगिरी एवं फर्नीचर निर्माण में इस्तेमाल किए जाने वाले औजारों को भी जब्त कर सूचीबद्ध किया गया। वन अमले द्वारा मौके पर जब्ती पत्रक तैयार कर वन अपराध प्रकरण क्रमांक 191/14, दिनांक 17 अगस्त 2026 पंजीबद्ध किया गया। विभागीय कार्रवाई के दौरान आरोपी द्वारा राजीनामा भी प्रस्तुत किए जाने की जानकारी दी गई है।
इनकी रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में उपवनक्षेत्रपाल रामपुर श्री मोहम्मद खालिक, वनरक्षक श्री राजेश गुप्ता, श्री राजेश शर्मा, श्री रामकृष्ण दुबे, श्रीमती उमा चौधरी, श्री अंकित गौतम, श्री दिनेश दहायत, श्री रामफल पटेल एवं वनरक्षक सुजाता गौड़ सहित वन अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से सागौन एवं अन्य वन उपज का उपयोग करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग ने वन संपदा के संरक्षण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रखने का संकेत दिया है।



