प्रशासनमध्यप्रदेश

जनसुनवाई में 144 फरियादें, कलेक्टर तिवारी ने अधिकारियों को दिया सीधा संदेश—हर आवेदन का हो समाधान,मुआवजा, आवास, सड़क, भूमि और आर्थिक सहायता से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे नागरिक; कलेक्टर बोले—समस्या लेकर आया नागरिक समाधान लेकर लौटे

कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई में 144 फरियादें, कलेक्टर तिवारी ने अधिकारियों को दिया सीधा संदेश—हर आवेदन का हो समाधान,मुआवजा, आवास, सड़क, भूमि और आर्थिक सहायता से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे नागरिक; कलेक्टर बोले—समस्या लेकर आया नागरिक समाधान लेकर लौटे

कलयुग की कलम कटनी – प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 144 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों का तथ्यपरक परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने मुआवजा, प्रधानमंत्री आवास, सड़क, भूमि, पेंशन, आर्थिक सहायता तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ नहीं मिलने जैसी समस्याएं कलेक्टर के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

“आवेदन सिर्फ दर्ज न हों, नागरिक को मिले वास्तविक राहत”

कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन केवल पंजीकृत करने तक सीमित नहीं रहने चाहिए। प्रत्येक मामले का तथ्यात्मक परीक्षण कर उसके न्यायसंगत एवं स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि किसी नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की स्थिति नहीं बननी चाहिए।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा और जनसुनवाई के आवेदनों की निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि शासन की योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को तकनीकी अथवा प्रक्रियागत कारणों से अनावश्यक परेशानी न हो और उन्हें समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

मुआवजा से लेकर आवास और सड़क तक उठीं जनसमस्याएं

जनसुनवाई में ग्राम खरखरी निवासी रामकिशोर पटेल ने नलकूप की मुआवजा राशि दिलाने, ग्राम उरदानी निवासी सेवानिवृत्त कोटवार नत्थू लाल दहायत ने सहायता राशि, ग्राम जरवाही निवासी शकुन बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम शामिल कराने तथा बरही निवासी दुलारे बर्मन ने भूमि नामांतरण से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया।

ग्राम सिमरिया निवासी सरस्वती बाई ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि प्राप्त नहीं होने की समस्या बताई। वहीं ग्राम छितवारा के ग्रामीणों ने बिछुआ से छितवारा तक सड़क निर्माण की मांग रखी। ग्राम टिकरवारा निवासी रानी सिंह ने लाड़ली बहना योजना की राशि नहीं मिलने, ग्राम धवैया निवासी दशरथ चौधरी ने आबादी भूमि से कब्जा हटाने तथा ग्राम पंचायत तिगवा निवासी रामसेन लोधी ने दिव्यांगता आर्थिक सहायता का लाभ दिलाने की मांग की।

इनके अलावा अन्य नागरिकों ने भी अपनी-अपनी समस्याएं कलेक्टर के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने सभी प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजते हुए नियमानुसार समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पात्र हितग्राही तक योजना का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता

कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य केवल शिकायतों का निपटारा करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद नागरिक को वास्तविक और समयबद्ध राहत उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में अनावश्यक विलंब न हो।

उन्होंने कहा कि जनसुनवाई प्रशासन को जमीनी स्तर की वास्तविक समस्याओं से जोड़ने और व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने का प्रभावी माध्यम है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करें।

अधिकारी रहे मौजूद

जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम कटनी श्री प्रमोद चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर श्री जितेन्द्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button