ग्राम विकास की योजनाओं में पारदर्शिता और जनभागीदारी पर जोर,जिला स्तरीय पंच सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों को VB-G RAM G अधिनियम के नियमों व प्रावधानों की दी गई जानकारी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

ग्राम विकास की योजनाओं में पारदर्शिता और जनभागीदारी पर जोर,जिला स्तरीय पंच सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों को VB-G RAM G अधिनियम के नियमों व प्रावधानों की दी गई जानकारी
कलयुग की कलम कटनी – ग्राम पंचायतों की विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनभागीदारी आधारित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) अधिनियम 2025 (VB-G RAM G) के अंतर्गत जिला स्तरीय पंच सम्मेलन का आयोजन कटनी बस स्टैंड स्थित ऑडिटोरियम में किया गया। सम्मेलन में जिलेभर से जनपद सदस्य, सरपंच, पंच, पंचायत सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक बड़वारा श्री धीरेंद्र बहादुर सिंह एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दीपक सोनी टंडन ने मां वीणापाणी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री अजय गोटिया, श्रीमती कविता पंकज राय, श्री प्रेमलाल केवट, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, जनपद पंचायत बहोरीबंद अध्यक्ष श्री लालकमल बंसल, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुराग मोदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
जल संरक्षण और वृक्षारोपण को मिले प्राथमिकता
विधायक बड़वारा श्री धीरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायतों को स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर विकास प्लान तैयार करना चाहिए। उन्होंने जल संरक्षण, जल संवर्धन और वृक्षारोपण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण गांवों के भविष्य के लिए बेहद जरूरी है।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दीपक सोनी टंडन ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे केवल वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि दूरगामी सोच और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ग्राम विकास की कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपनी भूमिका को जिम्मेदारी और सेवा भावना के साथ निभाने का आह्वान किया।
वास्तविक जरूरतों के आधार पर बने ग्राम विकास की कार्ययोजना
जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने सम्मेलन में VB-G RAM G अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जनप्रतिनिधियों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2026 से प्रभावशील अधिनियम के उद्देश्यों, प्रमुख अवधारणाओं, नियमों, प्रावधानों और कार्यप्रणाली को समझना ग्राम पंचायतों के लिए आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें उपलब्ध साधन-संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए गांव की वास्तविक आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास योजना तैयार करें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से मैदानी स्तर पर आने वाली समस्याओं और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर सुझाव भी लिए।
इस दौरान ग्राम पंचायत लखापतेरी, मड़ई सहित अन्य ग्राम पंचायतों के सरपंचों द्वारा पूछे गए सवालों और जिज्ञासाओं का अधिकारियों ने समाधान किया। वीडियो फिल्म के माध्यम से भी जनप्रतिनिधियों को अधिनियम एवं योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
पांच स्तंभ और एकीकृत ग्राम विकास पर दी जानकारी
जिला पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री अजय गोटिया ने VB-G RAM G योजना से होने वाले संभावित लाभों की जानकारी दी। श्रीमती कविता पंकज राय ने भी योजना के संबंध में अपने विचार रखे। जनपद पंचायत बहोरीबंद अध्यक्ष श्री लालकमल बंसल ने योजना के मैदानी क्रियान्वयन के दौरान आने वाली कठिनाइयों और गतिविधियों की जानकारी अधिकारियों के समक्ष रखी।
परियोजना अधिकारी श्री ऋषिराज चढ़ार ने विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) अधिनियम 2025 के तहत ग्राम विकास के लिए एकीकृत दृष्टिकोण, योजना के लाभ एवं पांच स्तंभों सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
ग्रामीण यांत्रिकी सेवा की कार्यपालन यंत्री सुश्री मेघा मौर्य ने नल-जल योजनाओं के संचालन एवं संधारण के लिए तकनीकी स्वीकृति जारी करने की प्रक्रिया समझाई। सहायक यंत्री श्री अभिषेक त्रिपाठी ने नल-जल योजना के संचालन एवं संधारण संबंधी नियमों की जानकारी दी। आरजीएसएसए के जिला प्रबंधक श्री पंकज नामदेव ने ओएसआर से संबंधित शासन के निर्देशों पर प्रकाश डाला।
पारदर्शिता की शपथ के साथ हुआ समापन
सम्मेलन के अंत में ग्राम पंचायतों की विकास योजनाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन एपीओ श्री अजीत सिंह ने किया। लेखा अधिकारी श्री सुरभित अग्रवाल ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इनकी रही मौजूदगी
सम्मेलन में सभी जनपद पंचायतों के जनपद सदस्य, सरपंच, पंच, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक सहित जनपद पंचायत बड़वारा की सीईओ सुश्री प्रभा तेकाम, परियोजना अधिकारी श्री ज्ञानेंद्र सिंह, लेखाधिकारी श्री सुरभित अग्रवाल, सहायक परियोजना अधिकारी श्री मृगेंद्र सिंह, मीडिया प्रभारी अधिकारी श्री योगेंद्र कुमार असाटी, श्री धनराज चौधरी, श्री जग्गी पटेल, श्री जी. किस्पोट्टा, श्री नरेश राठौर, श्री उमेश सोनी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



