प्रशासनमध्यप्रदेश

सीएम हेल्पलाइन में कटनी का शानदार प्रदर्शन: प्रदेश के टॉप-10 जिलों में सातवां स्थान,पुलिस, जिला पंचायत और नगर निगम ने भी ए ग्रेड हासिल कर बढ़ाया जिले का गौरव

कलयुग की कलम से राकेश यादव

सीएम हेल्पलाइन में कटनी का शानदार प्रदर्शन: प्रदेश के टॉप-10 जिलों में सातवां स्थान,पुलिस, जिला पंचायत और नगर निगम ने भी ए ग्रेड हासिल कर बढ़ाया जिले का गौरव

कलयुग की कलम कटनी – आमजन की समस्याओं के त्वरित और संतोषजनक समाधान के लिए संचालित सीएम हेल्पलाइन में कटनी जिले ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के अग्रणी जिलों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। शिकायतों के प्रभावी निराकरण के आधार पर जारी राज्य स्तरीय ग्रेडिंग में कटनी ने 84.01 कुल वेटेज स्कोर प्राप्त कर ए ग्रेड हासिल किया और प्रदेश के प्रथम समूह के 28 जिलों में सातवां स्थान प्राप्त किया।

जिले की इस उपलब्धि के पीछे कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की नियमित समीक्षा, सतत अनुश्रवण और विभागीय अधिकारियों को दिए गए स्पष्ट निर्देशों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

16 माह से लगातार अग्रणी जिलों में शामिल कटनी

कटनी जिले ने अप्रैल माह में प्राप्त 9,777 शिकायतों के निराकरण में उत्कृष्ट कार्य किया। संतुष्टिपूर्ण समाधान के चलते जिले को ए ग्रेड प्राप्त हुआ। उल्लेखनीय है कि कटनी जिला पिछले लगभग 16 माह से लगातार प्रदेश के श्रेष्ठ जिलों में शामिल हो रहा है, जो प्रशासन की कार्यकुशलता और जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है।

कलेक्टर ने दिए परिणामोन्मुखी कार्य के निर्देश

कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने अधिकारियों से कहा कि सीएम हेल्पलाइन केवल शिकायत निवारण का मंच नहीं, बल्कि प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।

पुलिस विभाग ने भी ए ग्रेड के साथ बनाई पहचान

कटनी पुलिस ने सीएम हेल्पलाइन के तहत अप्रैल माह में प्राप्त 903 शिकायतों का संतोषजनक निराकरण करते हुए 52.03 वेटेज स्कोर प्राप्त किया। कुल 85.10 वेटेज स्कोर के साथ पुलिस विभाग ने अपने समूह में 15वां स्थान अर्जित कर ए ग्रेड हासिल किया।

जिला पंचायत को मिला 12वां स्थान

जिला पंचायत ने शिकायतों के समाधान में बेहतर प्रदर्शन करते हुए 49.44 वेटेज स्कोर प्राप्त किया। कुल 85.63 वेटेज स्कोर के साथ विभाग ने अपने समूह में 12वां स्थान प्राप्त कर ए ग्रेड अर्जित किया।

नगर निगम ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, मिला सातवां स्थान

नगर निगम कटनी ने अप्रैल माह में प्राप्त 587 शिकायतों का प्रभावी निराकरण करते हुए 53.87 वेटेज स्कोर प्राप्त किया। कुल 91.79 वेटेज स्कोर के साथ नगर निगम ने अपने समूह में सातवां स्थान प्राप्त कर ए ग्रेड हासिल किया।

सुशासन की दिशा में कटनी बना मिसाल

सीएम हेल्पलाइन में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन यह साबित करता है कि कटनी प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर और प्रतिबद्ध है। जिले की यह उपलब्धि न केवल प्रशासनिक दक्षता का प्रमाण है, बल्कि नागरिकों के भरोसे को भी और मजबूत करती है.

Related Articles

Back to top button