प्रशासनमध्यप्रदेश

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर का सख्त रुख,लापरवाही पर कलेक्टर का सख्त रुख, अधिकारियों को दो टूक—तैयारी के साथ आएं, शिकायतों का करें समय पर निराकरण,लाड़ली लक्ष्मी के कम पंजीयन पर परियोजना अधिकारी को नोटिस, मार्कफेड अधिकारी की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर का सख्त रुख,लापरवाही पर कलेक्टर का सख्त रुख, अधिकारियों को दो टूक—तैयारी के साथ आएं, शिकायतों का करें समय पर निराकरण,लाड़ली लक्ष्मी के कम पंजीयन पर परियोजना अधिकारी को नोटिस, मार्कफेड अधिकारी की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी

कलयुग की कलम कंपनी – सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी ने विभागीय योजनाओं, सीएम हेल्पलाइन, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अपेक्षित तैयारी और अद्यतन जानकारी के बिना पहुंचने वाले अधिकारियों के प्रति कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि अधिकारी बैठकों में पूरी तैयारी के साथ आएं तथा शिकायतों के निराकरण के बाद उसका प्रतिवेदन भी प्रस्तुत करें।

लाड़ली लक्ष्मी योजना में कम पंजीयन मिलने पर कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास परियोजना विजयराघवगढ़ के परियोजना अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं समय-सीमा के लंबित पत्रों की जानकारी के बिना बैठक में पहुंचने पर मार्कफेड अधिकारी के प्रति नाराजगी जताते हुए मार्कफेड के प्रबंध संचालक को पत्र लिखकर अवगत कराने के निर्देश दिए। पटवारियों से जुड़े लंबित विभागीय जांच प्रकरणों की जानकारी एसएलआर को प्रस्तुत करने के लिए भी कहा गया।

क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को दें प्राथमिकता

कलेक्टर ने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम समाप्त हो चुका है, इसलिए सड़क मरम्मत से जुड़े कार्यों में अब किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाएं।

ठेकेदारों और हितग्राहियों के भुगतान में न हो देरी

बैठक में कलेक्टर ने तहसीलदारों एवं संबंधित अधिकारियों को ठेकेदारों के भुगतान के साथ चाय-नाश्ता, फोटोकॉपी सहित विभिन्न मदों के लंबित भुगतान तथा हितग्राहियों के देयकों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन के निराकरण में कटनी प्रदेश में दूसरे स्थान पर

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में कटनी जिले को प्रदेश में द्वितीय स्थान मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 2 अक्टूबर को पहाड़ी में आयोजित होने वाले शिविर के लिए चयनित सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं में अपेक्षित सुधार के निर्देश

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान अनमोल पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच और एनीमिया की स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति पर चर्चा हुई। कलेक्टर ने ढीमरखेड़ा और कटनी शहरी क्षेत्र में योजना की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना, जन्म प्रमाण पत्र, 3 से 6 वर्ष के बच्चों के पंजीयन, पोषण पुनर्वास केंद्र में बच्चों की स्थिति तथा पोषण ट्रैकर में चिन्हित सैम और मैम बच्चों की भी समीक्षा की।

आयोग और न्यायालयीन मामलों में समय पर दें जवाब

कलेक्टर ने नगर निगम, जिला पंचायत, एसडीएम, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारियों को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग, मानवाधिकार आयोग, बाल संरक्षण आयोग, लोकायुक्त, सीएम मॉनिट और उच्च न्यायालय से संबंधित प्रकरणों में समय पर प्रतिवेदन एवं जवाब-दावा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

पीएम किसान ई-केवाईसी और गिरदावरी में तेजी लाने के निर्देश

राजस्व विभाग की समीक्षा में फार्मर रजिस्ट्री, स्वामित्व योजना, डिजिटाइजेशन और पीएम किसान ई-केवाईसी की प्रगति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने 30 सितंबर तक खरीफ गिरदावरी का कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। पीएम किसान ई-केवाईसी सहित राजस्व संबंधी अन्य कार्यों में भी गति लाने पर जोर दिया गया।

स्वरोजगार योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करें

विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के लंबित और स्वीकृत प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्वीकृत प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। विशेष रूप से नगर निगम को पीएम स्वनिधि योजना में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, समस्त एसडीएम, उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, जिला शिक्षा अधिकारी सच्चिदानंद पाण्डेय, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विमल चौरसिया, सहायक संचालक मत्स्योद्योग आशीष नायक, जिला पंजीयक पंकज कोरी, जिला आबकारी अधिकारी विभा मरकाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button