राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस पर स्वयंसेवकों का सम्मान,सेवा से राष्ट्र निर्माण तक… ढीमरखेड़ा कॉलेज में गूंजा राष्ट्रीय सेवा का संदेश,58वें राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस पर स्वयंसेवकों को मिले बी एवं सी प्रमाण पत्र, उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए हुआ सम्मान
कलयुग की कलम से राकेश यादव

राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस पर स्वयंसेवकों का सम्मान,सेवा से राष्ट्र निर्माण तक… ढीमरखेड़ा कॉलेज में गूंजा राष्ट्रीय सेवा का संदेश,58वें राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस पर स्वयंसेवकों को मिले बी एवं सी प्रमाण पत्र, उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए हुआ सम्मान
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में 58वां राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। प्रभारी प्राचार्य डॉ. आकृति के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार नागवंशी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन तथा भारत माता, स्वामी विवेकानंद और महात्मा गांधी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने मंचासीन अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार नागवंशी ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योजना के उद्देश्य, महत्व एवं गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से समाजसेवा और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों में अधिक से अधिक सहभागिता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्रभारी प्राचार्य डॉ. आकृति ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का अवसर प्रदान करती है। डॉ. राजाराम सिंह ने राष्ट्र निर्माण में स्वयंसेवकों के योगदान को रेखांकित करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी के रूप में अपने अनुभव साझा किए। वरिष्ठ स्वयंसेवक अभिषेक कुमार ने भी अपने अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए।
उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले स्वयंसेवकों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान पिछले दो-तीन वर्षों में राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों में उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर द्वारा जारी बी एवं सी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
अभिषेक कुमार को सी प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं दीनदयाल चक्रवर्ती, प्रिया अहीर, पिंकी कुम्हार, लक्ष्मी पटेल, रेशमा पटेल, शिवानी, वंदना चक्रवर्ती, श्वेता शर्मा और शालिनी बर्मन सहित अन्य स्वयंसेवकों को बी प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. मनीषा व्यास, डॉ. स्मिता परसाई, श्री युवराज तिवारी सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्वेता सिंह बघेल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. मनोज कुमार गुप्ता द्वारा किया गया।



