प्रशासनमध्यप्रदेश

कार्टून-सिमुलेशन का कमाल, घंघरी कला में कर वसूली ने पकड़ी रफ्तार,रचनात्मक जागरूकता से जुटाए 1.40 लाख से अधिक रुपये, जिला पंचायत सीईओ कौर ने नवाचार को सराहा

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कार्टून-सिमुलेशन का कमाल, घंघरी कला में कर वसूली ने पकड़ी रफ्तार,रचनात्मक जागरूकता से जुटाए 1.40 लाख से अधिक रुपये, जिला पंचायत सीईओ कौर ने नवाचार को सराहा

कलयुग की कलम कटनी  – ग्राम पंचायतों में कर वसूली को प्रभावी बनाने के साथ ग्रामीणों को समय पर कर भुगतान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से विकासखंड कटनी की ग्राम पंचायत घंघरी कला में अभिनव पहल की जा रही है। ग्राम पंचायत सचिव/जीआरएस द्वारा कर भुगतान के महत्व को ग्रामीणों तक सरल और रोचक तरीके से पहुंचाने के लिए कार्टून एवं सिमुलेशन आधारित जागरूकता संदेशों का सहारा लिया जा रहा है।

ग्राम पंचायत द्वारा तैयार किए जा रहे कार्टून और जागरूकता संदेशों को स्थानीय ग्राम पंचायत समूहों में प्रसारित किया जा रहा है। मनोरंजक एवं सहज भाषा में तैयार इन संदेशों के माध्यम से ग्रामीणों को कर भुगतान की उपयोगिता समझाई जा रही है, जिससे उनमें समय पर कर जमा करने के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो रही है।

इस रचनात्मक पहल का असर कर संग्रहण पर भी दिखाई दे रहा है। जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप सिंह के अनुसार ग्राम पंचायत मुख्यालय घंघरी कला में नल-जल सुविधा उपलब्ध नहीं होने के बावजूद अब तक 1.40 लाख रुपये से अधिक की कर राशि वसूल की जा चुकी है। सीमित संसाधनों के बीच यह कर संग्रहण ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए अपनाए गए प्रभावी प्रयासों को दर्शाता है।

सीईओ कौर ने की पहल की सराहना

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर ने ग्राम पंचायत द्वारा किए जा रहे नवाचार और कर वसूली के लिए अपनाए गए रचनात्मक प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने ऐसे स्थानीय प्रयासों को ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने और पंचायतों के स्वयं के आय स्रोत मजबूत करने की दिशा में उपयोगी बताया।

घंघरी कला ग्राम पंचायत द्वारा अपनाया गया कार्टून और सिमुलेशन आधारित जागरूकता मॉडल ग्रामीणों तक जरूरी संदेश पहुंचाने का सरल और प्रभावी माध्यम बन रहा है। स्थानीय स्तर पर किए जा रहे इस तरह के नवाचार अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायी साबित हो सकते हैं।

Related Articles

Back to top button