प्रशासनमध्यप्रदेश

ग्राम पंचायत कार्यालयों के सुचारु संचालन पर जोर अब गांव की पंचायत में नहीं चलेगी लापरवाही! कार्यालयों के नियमित संचालन से लेकर रिकॉर्ड की सुरक्षा तक सख्ती,जिला पंचायत सीईओ कौर ने जनपद सीईओ और ग्राम पंचायतों को दिए स्पष्ट निर्देश, कर्मचारियों की उपस्थिति और पंचायत भवनों के बेहतर उपयोग पर विशेष निगरानी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

ग्राम पंचायत कार्यालयों के सुचारु संचालन पर जोर अब गांव की पंचायत में नहीं चलेगी लापरवाही! कार्यालयों के नियमित संचालन से लेकर रिकॉर्ड की सुरक्षा तक सख्ती,जिला पंचायत सीईओ कौर ने जनपद सीईओ और ग्राम पंचायतों को दिए स्पष्ट निर्देश, कर्मचारियों की उपस्थिति और पंचायत भवनों के बेहतर उपयोग पर विशेष निगरानी

कलयुग की कलम कटनी – ग्राम पंचायतों के कामकाज को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और ग्रामीणों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने कदम बढ़ाया है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, मंत्रालय भोपाल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं ग्राम पंचायतों को पंचायत कार्यालयों के नियमित संचालन और व्यवस्थाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

निर्देशों के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत कार्यालय का नियमित एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के साथ पंचायत भवनों का उपयोग निर्धारित उद्देश्यों के लिए किए जाने पर जोर दिया गया है। कार्यालय में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि ग्रामीणों को पंचायत से संबंधित सेवाओं, योजनाओं और आवश्यक कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

पुराने रिकॉर्ड से लेकर जरूरी सामग्री तक सुरक्षित रखने के निर्देश

पंचायत कार्यालयों में उपलब्ध महत्वपूर्ण अभिलेखों, दस्तावेजों, पंजियों तथा अन्य शासकीय सामग्री के व्यवस्थित संधारण और सुरक्षित रखरखाव को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि पंचायत के रिकॉर्ड सुरक्षित स्थान पर व्यवस्थित तरीके से रखे जाएं और आवश्यकता पड़ने पर आसानी से उपलब्ध हो सकें।

इसके साथ ही पंचायत कार्यालय एवं परिसर को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और जनोपयोगी बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

जनपद सीईओ करेंगे नियमित निरीक्षण

जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को ग्राम पंचायतों में जारी निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने के साथ नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण करने के निर्देश दिए हैं।

पंचायत कार्यालयों के व्यवस्थित संचालन से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर शासन की योजनाओं और पंचायत से जुड़ी सेवाओं की जानकारी एवं सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही पंचायतों के कामकाज में पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button