प्रशासनमध्यप्रदेश

गांव की चौपाल पर तय होगी विकास की नई दिशा, 2 अक्टूबर से चरणबद्ध ग्राम सभाओं का आगाज,जनभागीदारी से तय होंगी गांव की प्राथमिकताएं, योजनाओं की समीक्षा के साथ समस्याओं पर होगी सीधी चर्चा

कलयुग की कलम से राकेश यादव

गांव की चौपाल पर तय होगी विकास की नई दिशा, 2 अक्टूबर से चरणबद्ध ग्राम सभाओं का आगाज,जनभागीदारी से तय होंगी गांव की प्राथमिकताएं, योजनाओं की समीक्षा के साथ समस्याओं पर होगी सीधी चर्चा

कलयुग की कलम कटनी – गांव के विकास से जुड़े फैसलों में ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर विकास की प्राथमिकताएं तय करने के उद्देश्य से जिले की ग्राम पंचायतों में 2 अक्टूबर से चरणबद्ध रूप से ग्राम सभाओं का आयोजन शुरू किया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, भोपाल के निर्देशों तथा मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम, 1993 की धारा 6 में निहित प्रावधानों के तहत ग्राम सभाओं के आयोजन को लेकर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने आदेश जारी किए हैं।

निर्धारित कार्यक्रम एवं एजेंडे के अनुसार प्रत्येक ग्राम में पूर्व से नियुक्त स्थाई नोडल अधिकारियों की मौजूदगी में ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। ग्राम सभा में ग्रामीण विकास एवं पंचायतों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी तथा पंचायत स्तर पर संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी।

ग्रामीणों की आवाज बनेगी ग्राम सभा

ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों से गांव की आवश्यकताओं, समस्याओं और विकास संबंधी सुझाव लिए जाएंगे। स्थानीय स्तर पर प्राप्त प्रस्तावों और प्राथमिकताओं के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ग्राम सभा को ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता से गांव के विकास की दिशा तय करने और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के महत्वपूर्ण मंच के रूप में उपयोग किया जाएगा।

गांव-गांव होगा प्रचार, समय से पूरी होंगी व्यवस्थाएं

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को ग्राम सभाओं के आयोजन से पहले व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ग्रामीणों को ग्राम सभा की तिथि, समय एवं निर्धारित एजेंडे की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने तथा अधिक से अधिक ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा है।

सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को ग्राम सभाओं का आयोजन शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया एवं एजेंडे के अनुरूप पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कराने के निर्देश दिए हैं। ग्राम सभा में ग्रामीणों से प्राप्त प्रस्तावों, सुझावों एवं समस्याओं का नियमानुसार संधारण करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।

ग्राम सभा के माध्यम से गांव की जरूरतों को प्राथमिकता मिलेगी और जनभागीदारी के साथ स्थानीय विकास कार्यों को नई गति देने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button