प्रशासनमध्यप्रदेश

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सम्मान समारोह बुजुर्गों के अनुभवों से रूबरू हुई नई पीढ़ी, बच्चों ने सुनी जिंदगी की अनमोल सीख,अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्धाश्रम में आत्मीय मिलन, सम्मान पाकर खिले वरिष्ठजनों के चेहरे

कलयुग की कलम से राकेश यादव

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सम्मान समारोह बुजुर्गों के अनुभवों से रूबरू हुई नई पीढ़ी, बच्चों ने सुनी जिंदगी की अनमोल सीख,अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्धाश्रम में आत्मीय मिलन, सम्मान पाकर खिले वरिष्ठजनों के चेहरे

कलयुग की कलम कटनी – अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, अपनत्व और संवेदनशीलता का संदेश देने के उद्देश्य से बच्चन नायक वृद्धाश्रम, कछगवां रोड, झिंझरी कटनी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में शालेय विद्यार्थियों, वृद्धाश्रम स्टाफ तथा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान एवं अपनत्व का अनुभव कराने के साथ नई पीढ़ी को उनके जीवन के अनुभवों, संघर्षों, संस्कारों और सीख से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में बच्चों और वृद्धजनों के बीच हुआ आत्मीय संवाद पीढ़ियों के बीच भावनात्मक जुड़ाव का माध्यम बना।

बच्चों ने जाना जीवन का संघर्ष और अनुभव

इस अवसर पर शालेय विद्यार्थियों ने वृद्धाश्रम का भ्रमण किया और वहां निवासरत वृद्धजनों से बातचीत कर उनके जीवन से जुड़ी विभिन्न बातें जानीं। विद्यार्थियों ने वरिष्ठजनों के अनुभव सुने और उनके साथ समय बिताया। संवाद के दौरान वृद्धजनों ने अपने जीवन के अनुभव और प्रेरक प्रसंग बच्चों के साथ साझा किए।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजन बच्चों में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, सेवा और संवेदना की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही, इससे समाज में विभिन्न पीढ़ियों के बीच संवाद और आपसी जुड़ाव को भी मजबूती मिलती है।

पुष्पमाला पहनाकर किया वृद्धजनों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर वरिष्ठजनों के चेहरों पर खुशी और आत्मीयता नजर आई। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बुजुर्गों का जीवन अनुभव और ज्ञान समाज की अमूल्य धरोहर है। उनके सम्मान, गरिमा और भावनात्मक जरूरतों के प्रति संवेदनशील रहना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण श्री अनुराग मोदी ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करने के साथ बच्चों को उनके अनुभवों से जोड़ना ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री धीरेंद्र सिंह, श्रीमती प्रीति सिंह, एनजीओ से राजीव रैकवार सहित विभागीय कर्मचारी, वृद्धाश्रम स्टाफ एवं शालेय विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button